छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 1500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया, 30 बॉक्स नष्ट

SHIDDHANT
20 Nov 2026 9:42 PM IST
छत्तीसगढ़ में 1500 किलो संदिग्ध पनीर पकड़ा गया, 30 बॉक्स नष्ट
x
छत्तीसगढ़
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। छत्तीसगढ़ में मिलावटी और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी और साल्हेवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।
वाहन से बरामद हुए पनीर के 30 बॉक्स
जानकारी के अनुसार, नियंत्रक सह आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। साल्हेवारा पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 में परिवहन किए जा रहे एनालॉग पनीर के 30 बॉक्स बरामद किए।
इन बॉक्स में लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर रखा हुआ था। पुलिस ने जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दिया।
खास बात यह रही कि जब्त किए गए पनीर पर किसी व्यक्ति या फर्म ने अपना स्वामित्व अथवा दावा प्रस्तुत नहीं किया।
बॉक्स पर नहीं मिली निर्माण और एक्सपायरी डेट
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि किसी भी बॉक्स पर खाद्य सामग्री के निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जानकारी दर्ज नहीं थी।
इसके अलावा निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच नंबर, लॉट नंबर, निर्माता कंपनी का नाम, पता और संपर्क नंबर जैसी अनिवार्य जानकारियां भी उपलब्ध नहीं थीं।
अनिवार्य लेबलिंग संबंधी विवरण नहीं मिलने और प्रदेश में एनालॉग पनीर पर लागू प्रतिबंध को देखते हुए विभाग ने पूरी सामग्री नष्ट कराने की कार्रवाई की।
रायपुर में भी 100 किलो पनीर कराया गया था नष्ट
इस कार्रवाई से दो दिन पहले राजधानी रायपुर में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने लगभग 100 किलोग्राम एनालॉग पनीर नष्ट कराया था।
अब खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर के विनष्टीकरण से स्पष्ट है कि विभाग द्वारा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एनालॉग पनीर के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। विभाग की ओर से 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
Next Story