छत्तीसगढ़
कबड्डी खेलने आया 15 वर्षीय खिलाड़ी तंदुला नहर में बहा, रेस्क्यू अभियान जारी
Shantanu Roy
12 Sept 2026 8:21 PM IST

x
छग
Durg. दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सेलूद भाठापारा स्थित तंदुला नहर में रायपुर से कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने आए 15 वर्षीय खिलाड़ी शिवम यादव तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। जानकारी के अनुसार शिवम यादव रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र का रहने वाला था। वह सेलूद में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आया था। शनिवार सुबह किसी कारणवश वह तंदुला नहर के पास पहुंचा, जहां अचानक वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते शिवम नहर में बह गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलने के बाद उतई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नहर में उतरकर नाबालिग खिलाड़ी की तलाश शुरू की। रेस्क्यू टीम द्वारा नहर के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है। तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण टीम को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
प्रतियोगिता में शामिल होने आया था खिलाड़ी
बताया जा रहा है कि शिवम कबड्डी का खिलाड़ी था और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए अपने साथियों के साथ सेलूद पहुंचा था। हादसे की खबर मिलते ही उसके साथ आए खिलाड़ियों और परिजनों में चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों से रेस्क्यू अभियान में बाधा न डालने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
तंदुला नहर में हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर जलाशयों और नहरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बारिश के मौसम में नहरों और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने के कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील करता है कि तेज बहाव वाले जल क्षेत्रों में जाने से बचें और सावधानी बरतें। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम शिवम यादव की तलाश में जुटी हुई है।
Next Story





