छत्तीसगढ़

तिरपाल के नीचे ठूंस रखे थे 15 मवेशी कत्लखाने ले जाने का दावा, दो आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
6 Sept 2026 11:23 PM IST
तिरपाल के नीचे ठूंस रखे थे 15 मवेशी कत्लखाने ले जाने का दावा, दो आरोपी गिरफ्तार
x
छग
DURG दुर्ग। धमधा पुलिस ने मवेशियों के कथित अवैध और क्रूरतापूर्वक परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए 15 मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने आइसर वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से सागर स्थित कत्लखाने ले जाने की बात कही है। मामले में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 5 सितंबर 2026 को मुखबिर और गौसेवकों से सूचना मिली थी कि धमधा की ओर आ रहे एक आइसर वाहन में बड़ी संख्या में मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी के भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धमधा बस स्टैंड स्थित साहू होटल के सामने घेराबंदी की।
रोकने पर आगे बढ़ाने की कोशिश
इसी दौरान आइसर वाहन क्रमांक UP 83 ET 3857 वहां पहुंचा। पुलिस के अनुसार वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने उसे आगे ले जाने की कोशिश की। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। इस दौरान गौसेवकों और वाहन चालक के बीच विवाद तथा चक्काजाम जैसी स्थिति बनने लगी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को दोबारा सुचारू कराया।
तिरपाल हटाते ही मिले 15 मवेशी
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे के डाले को हरे रंग की तिरपाल से ढका पाया गया। तिरपाल हटाने पर अंदर तीन पड़वा और 12 भैंस सहित कुल 15 मवेशी मिले। पुलिस का कहना है कि मवेशियों को पर्याप्त चारा-पानी के बिना ठूंसकर ले जाया जा रहा था। वाहन चालक की पहचान 35 वर्षीय शिवशंकर और उसके साथी की पहचान 42 वर्षीय परविंद कुमार के रूप में हुई। दोनों उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने मवेशियों को नंदिनी क्षेत्र से सागर स्थित कत्लखाने ले जाने की बात बताई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
21.90 लाख का आइसर वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आइसर वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21.90 लाख रुपये बताई गई है। बरामद सभी 15 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और सुरक्षित रख-रखाव के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता को लेकर विवेचना जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पशुओं के अवैध या क्रूरतापूर्ण परिवहन की जानकारी मिलने पर कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
Next Story