
x
छत्तीसगढ़
Pendra पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल में गोबर खाद खरीद से जुड़े 14.77 लाख रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। इस वित्तीय अनियमितता के चलते वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CAMPA शाखा प्रभारी और सहायक ग्रेड-02 भूपेंद्र कुमार साहू को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में वृक्षारोपण कार्य के लिए गोबर खाद की खरीद में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में यह सामने आया कि कूट रचित प्रमाण पत्रों के आधार पर शासकीय धन का गबन किया गया और लगभग 14.77 लाख रुपये की राशि में गड़बड़ी हुई।
आरोप है कि तत्कालीन CAMPA शाखा प्रभारी ने अपने दायित्वों के विपरीत कार्य करते हुए फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से लोकल ऑर्डर क्रिएशन (LOC) तैयार कराया और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए बिना प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। मामले की शिकायत सही पाए जाने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है। वन विभाग के अनुसार, वृक्षारोपण योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Next Story





