
x
10 लाख के हीरे
धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने बहुमूल्य पत्थरों की कथित अवैध बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम ने 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 146 हीरे जैसे चमकदार पत्थर बरामद किए हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति के बहुमूल्य पत्थर बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई।
146 चमकदार पत्थरों की कीमत 10.05 लाख
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पॉलीथीन में रखे 146 सफेद, पारदर्शी और चमकदार पत्थर मिले। इनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपए आंकी है। इसके अलावा एक सैमसंग गैलेक्सी S21 FE मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपए है, और 2,200 रुपए नकद जब्त किए गए हैं।
2018 में खदान से चोरी करने का दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले की पायलीखंड खदान क्षेत्र से इन पत्थरों को चोरी किया था। अब वह इन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था।हालांकि, बरामद पत्थरों की वास्तविक प्रकृति और चोरी से संबंधित तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। उसे कुरूद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अवैध खनिज उत्खनन और बहुमूल्य पत्थरों की संदिग्ध खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।
Next Story





