छत्तीसगढ़

1 करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 500 CCTV फुटेज खंगाल पुलिस ने सुलझाया मामला

jantaserishta.com
17 Aug 2026 1:51 PM IST
1 करोड़ की उठाईगिरी का खुलासा, 500 CCTV फुटेज खंगाल पुलिस ने सुलझाया मामला
x
छत्तीसगढ़.
सरगुजा: जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान संचालक से हुई करीब एक करोड़ रुपये की उठाईगिरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और दूसरे राज्यों की पुलिस के सहयोग से आरोपियों की पहचान की है। मामले में आरोपी के घर से चोरी किए गए करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 को सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित है। घटना वाले दिन सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी स्कूटी से ज्वेलर्स का बैग लेकर दुकान खोलने पहुंचे थे।
दुकान के पास स्कूटी में ज्वेलर्स बैग रखने के बाद वह शटर खोलने लगे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। शिकायत पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरगुजा डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की तलाश, गिरफ्तारी और चोरी गए माल की बरामदगी की जिम्मेदारी दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चार संदिग्ध दो मोटरसाइकिलों से आकर व्यापारी का बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने आरोपियों के भागने वाले रूट को ट्रैक किया।
सीसीटीवी जांच में सरगुजा क्षेत्र के ग्राम गेरसा, जशपुर जिले के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत अन्य संभावित स्थानों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस टीम ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की।
पुलिस ने अलग-अलग राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर संदिग्धों की पहचान कराई। जांच में मोटरसाइकिल सवार चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा जिला गंजाम (ओडिशा) और नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर थाना कोटिनाडा जिला गंजाम (ओडिशा) की पहचान हुई।
इसके बाद साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में ओडिशा भेजी गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से टीम ने करीब 10 दिनों तक लगातार संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त 2026 की रात अपने घर पहुंचा है। सूचना के आधार पर सरगुजा पुलिस, थाना सोंडा और थाना आश्का जिला गंजाम की संयुक्त टीम उसके घर पहुंची, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से सीतापुर में हुई चोरी के जेवरात बरामद हुए। पुलिस ने मौके से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये है, जबकि करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, जब्त किए।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव की पहचान हो चुकी है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस टीम द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story