छत्तीसगढ़

ट्रेनी IPS की पहली पोस्टिंग में 1 करोड़ का 'रिश्वत कांड', मामले में ASI और कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

jantaserishta.com
14 Aug 2026 2:29 PM IST
ट्रेनी IPS की पहली पोस्टिंग में 1 करोड़ का रिश्वत कांड, मामले में ASI और कॉन्स्टेबल लाइन अटैच
x
IPS के खिलाफ नहीं मिला सबूत.
सरगुजा: ट्रेनी IPS और अंबिकापुर CSP राहुल बंसल पर ठगी के मामले में हवाला के जरिए 1 करोड़ रिश्वत लेने का आरोप है। CBI कोर्ट दिल्ली में दाखिल परिवाद के बाद कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। वहीं, वायरल ऑडियो मामले में ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा को लाइन अटैच कर दिया है।
IG दीपक कुमार झा ने यह कार्रवाई की है। उनका कहना है कि मामले में CSP राहुल बंसल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। वायरल ऑडियो के आधार पर ASI और कॉन्स्टेबल को पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
CBI स्पेशल कोर्ट में दायर शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर साइबर सेल में पदस्थ ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा के जरिए रिश्वत का सौदा किया गया। शिकायत में 1 करोड़ रुपए की रकम हवाला ऑपरेटरों के जरिए पहुंचाने का आरोप है। मामले में छत्तीसगढ़ DGP को भी नोटिस जारी किया गया है।
हरियाणा के रहने वाले आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि ठगी के मामले की जांच के दौरान अंबिकापुर CSP राहुल बंसल ने दबाव बनाकर 1 करोड़ रुपए की रिश्वत ली। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रिश्वत की रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई। साइबर सेल के ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा ने इसमें बिचौलियों की भूमिका निभाई।
आकाश कुमार ने मामले की शिकायत CBI से की थी। FIR दर्ज नहीं होने के बाद CBI स्पेशल कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। जिसमें ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308 और 351 के तहत FIR दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत के साथ शपथ-पत्र, WhatsApp चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी कोर्ट में पेश की गई हैं।
सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने बताया कि साइबर रेंज थाना अंबिकापुर में साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में देश के अलग-अलग राज्यों से 23 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। मामले की जांच CSP राहुल बंसल के नेतृत्व में की जा रही थी।
जांच के दौरान आरोपी पक्ष ने CBI से शिकायत की थी। इस शिकायत के संबंध में पुलिस ने अपना जवाब दिया है। आरोपी पक्ष से 1 करोड़ रुपए के लेन-देन के आरोपों के संबंध में सबूत पेश करने को कहा गया था, लेकिन अब तक कोई सबूत पेश नहीं किया गया है।
अंबिकापुर के क्रशर संचालक रवि मोहन गोस्वामी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के लिए ‘मनी ट्रेड 365’ और ‘स्काई ट्रेड’ नाम के दो एप्लीकेशन इंस्टॉल कराकर उनसे 20 लाख 15 हजार रुपए की ठगी की गई।
शिकायतकर्ता ने 17-18 अलग-अलग बैंक खातों में 84 किश्तों के जरिए यह राशि जमा की थी। मामले में पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 3(5) और IT एक्ट की धारा 66 के तहत केस दर्ज किया था। CSP राहुल बंसल की अगुवाई में मामले की जांच की जा रही थी।
बताया गया है कि अब तक इस मामले में 23 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोप है कि मामले में जल्द चालान पेश करने और जांच रिपोर्ट में रियायत देने के बदले 1 करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी गई।
आरोप के मुताबिक हवाला के जरिए दो किश्तों में 50-50 लाख रुपए लेने की बात सामने आई है। वहीं, कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा ने अपना गैजेट खराब होने की बात कहते हुए रुपये की मांग की और अंबिकापुर की एक मोबाइल दुकान में पैसे छोड़ने के लिए कहा। इससे जुड़ा ऑडियो भी वायरल हुआ है। वहीं, अब CBI की स्पेशल कोर्ट में दायर परिवाद पर सुनवाई की अगली तारीख 18 अगस्त निर्धारित की गई है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story