राज्य

युवक को पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 9 लाख रुपए हड़पने का मामला ,जुर्म दर्ज

Kajal Dubey
26 Jun 2022 1:08 PM GMT
युवक को पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 9 लाख रुपए हड़पने का मामला ,जुर्म दर्ज
x
जुर्म दर्ज

हरियाणा के कैथल में युवक को पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर 9 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक के पिता की शिकायत पर दो महिलाओं समेत 4 के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपी संजय जागलान की मौत हो चुकी है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घर पर था आना जाना

कैथल जिले के गांव कोटड़ा निवासी दयानंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति सोमनाथ और उसकी पत्नी कविता का उनके घर पर आना जाना था। एक दिन कविता ने सितंबर-2021 में उनके घर पर आकर बताया कि उसके पति की अच्छी पहचान है और वह उसके बेटे अनिल को पुलिस में भर्ती करवा सकता है। कुछ समय बाद दोनों फिर से उनके घर पर आए और बताया कि उनकी एक व्यक्ति से बातचीत पक्की हो गई है। उसी समय उसका भाई ओमप्रकाश और पडोसी सुन्दर भी उनके घर पर आ गया।

15 लाख मांगे थे

सोमनाथ और कविता ने उनको कहा कि अनिल को पुलिस में पक्का भर्ती करवा देंगे। इसके लिए 15 लाख रुपए लगेंगे। दयानंद ने कहा कि उसने दोनों को बताया कि इतने रुपए का प्रबंध वो नहीं कर सकते। इसके बाद दोनों में 9 लाख रुपए में बात पक्की हो गई। दोनों यह कह कर निकल गए कि एक महीने में रुपयों का प्रबंध कर लेना। इसके बाद 25 अक्टूबर रुपए देने की बात हुई। तय दिन पर दयानंद अपने बेटे अनिल, भाई व पड़ोसी को लेकर कैथल के जवाहर पार्क में गया। वहां पर संजय जागलान और अंजू जागलान से उनकी बात हुई और दोनों को 7 लाख रुपए दे दिए। इसके एक सप्ताह बाद सोमनाथ व कविता उसके घर पर आकर 2 लाख रुपए और ले गए।

7 लाख देते समय बनाई थी वीडियो

दयानंद ने बताया कि जवाहर पार्क में संजय व अंजू को 7 लाख रुपए देते हुए की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की। साथ ही रुपए देते समय उसका भाई ओमप्रकाश व पडोसी सुंदर भी साथ थे। अंजू ने तब कहा कि वह जिला पार्षद है और उसकी उपर तक पहुंच है, उसके बेटे अनिल का पुलिस भर्ती लिस्ट में नंबर जरूर आएगा। बाद में भी इसको लेकर उसकी चारों से बातचीत होती रही।

पुलिस लिस्ट में नहीं आया नाम

पीड़ित ने बताया कि इसके बाद 11 दिसंबर 2021 को पुलिस भर्ती की लिस्ट आई तो उसमें अनिल कुमार का नाम नहीं था। इसके बाद वह सोमनाथ, संजय, अंजू और कविता से मिला और अपने 9 लाख रुपए वापस मांगे। वे रुपए लौटाने का झांसा देते रहे, लेकिन रुपए नहीं दिए। अब उन्होंने रुपए वापस मांगने पर उसे व बेटे अनिकल को जान से मारने की धमकी दी।



Next Story