
सिटी न्यूज़: बिहार के छपरा निवासी एक युवक की शिप्रा नदी में डूबने से मौत हो गई। वह भोपाल में बी.टेक. की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण जांच में लिया है। इसके साथ ही मृत युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
महाकाल थाना पुलिस के अनुसार प्रकाश पिता अनिल मिश्रा आयु 21 वर्ष छपारा,बिहार का निवासी है। वह भोपाल के टीआईटी कॉलेज में बी.टेक. की पढ़ाई कर रहा था। वह गुरूवार सुबह 5 बजे भोपाल से प्रायवेट टेक्सी द्वारा अपने मित्र रितिक एवं 8 अन्य लोगों के साथ उज्जैन के लिए निकला था। उज्जैन आने के बाद ये लोग सीधे शिप्रा नदी के रामघाट तट पर गए। यहां प्रकाश नदी में नहाने उतरा। तैरते हुए वह बीच नदी में गहराई तक चला गया। अचानक वह डूबने लगा तो घाट पर बैठे उसके दोस्तों ने शोर मचाया। तैराकों ने नदी में उतरकर उसे बचाने के प्रयास किए,तब तक काफी देर हो चुकी थी और प्रकाश की मृत्यु हो गई थी। तैराकों ने शव किनारे तक लाने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है वहीं प्रकाश के परिजनों को छपरा सूचित कर दिया है। उनके आने पर पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सौपा जाएगा।





