बिहार

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की हुई मौत

Admin Delhi 1
25 July 2023 11:18 AM IST
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की हुई मौत
x

दरभंगा न्यूज़: एनएच-27 पर सदर थाना क्षेत्र के दिल्ली मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने की देर शाम दुर्घटना में जख्मी हुए दो बाइक सवारों में से एक की मौत इलाज के क्रम में शहर के एक निजी अस्पताल में हो गई.

मृतक की पहचान सदर प्रखंड की वासुदेवपुर पंचायत के महेशपट्टी गांव निवासी डोमू यादव के पुत्र कमलेश यादव (35) के रूप में हुई है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. कमलेश की मौत के बाद उनके परिजनों में कोहराम मच गया है. कमलेश दो भाइयों में छोटा था. उसकी शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व हुई थी. उसे दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं. पुत्र आलोक कुमार आठ वर्ष, तेजस्वी दो वर्ष तथा पुत्री सोनी पांच वर्ष की है. मृतक की पत्नी सोनता देवी व उसके तीनों बच्चे कमलेश की मौत की सूचना पाकर बेसुध हो गए. मृतक की मां राजकुमारी देवी भी बदहवास है. परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था. आसपास की महिलाएं पीड़ित परिवार को संभालने में लगी थीं. गरीब परिवार की सोनता देवी पति को खोने के बाद तीन छोटे-छोटे बच्चों की परवरिश को लेकर काफी चिंतित है. घटना में गांव के एक अन्य युवक महावीर यादव के पुत्र चंदन यादव भी गंभीर रूप से जख्मी है. दिल्ली मोड़ के पास एक निजी अस्पताल में वह भी वेंटिलेटर पर है. इस कारण उसके परिवार के लोग भी काफी मायूस हैं. पूरे गांव में मायूसी छाई हुई है. ज्ञात हो कि चंदन की बाइक पर बैठकर कमलेश दिल्ली मोड़ के पास किसी काम से की शाम गया था. एनएच- 27 पर उनकी बाइक से किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी थी. घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. दोनों को तत्काल थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने दिल्ली मोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था.

Next Story