
x
बड़ी खबर
बेगूसराय। श्री श्रीकृष्ण गौशाला बखरी में दो दिवसीय गोपाष्टमी गौशाला मेला मंगलवार से शुरू हो गया। सचिव कैलाशचन्द्र शर्मा ने गौ पूजन एवं आकर्षक राधे कृष्ण की प्रतिमा का पूजन कर मेला का शुभारंभ किया। मेला में बाल कृष्ण लीला पर आधारित झांकी में कारागार में बंद देवकी-वासुदेव को भगवान विष्णु का दर्शन एवं वृंदावन में यशोदा मैया की गोद में बैठे कृष्ण को शंकर भगवान एवं पूतना का दर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र है। वहीं गौ माता को लोग मुरही, फल आदि खिलाते नजर आए। मौके पर मौजूद गौशाला समिति के पदेन अध्यक्ष बखरी के अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि विश्व में भारतीय संस्कृति ही ऐसी है कि जहां सृष्टि की सारी वस्तु पूजनीय और नमस्कृत्य माना गया है। इसमें गौ पूजन सर्वश्रेष्ठ है, जिसकी चर्चा हमारे वेद और ग्रन्थ में भी मिलते है। विधायक सूर्यकांत पासवान ने कहा बखरी गौशाला मेला का बेहतर आयोजन किया गया है, जिसके लिए मेला कमिटी बधाई का पात्र है।
दोपहर से दंगल प्रतियोगिता की शुरुआत किया गया है। जिसमें बिहार, पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली के महिला और पुरूष पहलवानों द्वारा पहलवानी का करतब दिखाया गया। रोचक मुकाबले में महिला पहलवान के चैलेंज पर पुरूष पहलवान से कुश्ती हुई, जिसमें महिला पहलवान ने बाजी मारी। आज कुल 25 राउंड कुश्ती हुई, जिसका फाइनल मुकाबला बुधवार को होगा। कुश्ती के रेफरी रामचंद्र केशरी एवं अशोक राय तथा संचालन मो. तुफैल खान, अधिवक्ता गौरव केशरी एवं प्रो. आजाद राठौर ने किया। मौके पर मेला संयोजक विवेक खेतान गुड्डू, मनोहर केशरी, दिलीप केशरी, नीरज नवीन, कौशल किशोर क्रांति, रामदयाल केशरी, मन्नू केशरी, सुरेन्द्र राय, राजू सिंह, अशोक तुलस्यान, अशोक ईश्वर, मनोज महतो, गौतम राठौर, प्रिंस महतो एवं डॉ. विशाल सहित अन्य मौजूद थे।
Next Story