बिहार

पैसे लेन-देन के विवाद में महिला के सिर पर मारी गोली

Shantanu Roy
22 Oct 2022 5:51 PM GMT
पैसे लेन-देन के विवाद में महिला के सिर पर मारी गोली
x
बड़ी खबर
मोतिहारी। जिले के फेनहारा थाना के गैबंधी गांव में एक महिला के सिर में बदमाश ने गोली मार दी।हालांकि गोली महिला के सिर को छूती हुई निकल गई। जख्मी महिला को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि पैसे के लेनदेन के विवाद में एक युवक उक्त महिला को गोली मारकर फरार हो गया।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस पहुंची और जांच में जुटी है।पीड़ित महिला की पहचान गैबंधी की रहने वाली सरिता देवी के रूप में की गई है। घायल महिला के परिजनों के अनुसार सरिता देवी का अपने ग्रामीण मधुरेंद्र उर्फ फुन्नु के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। इसको लेकर सरिता ने मधुरेंद्र पर पूर्व में भी मारपीट करने की एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मधुरेंद्र की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, तो वह वहां से बाइक छोड़ कर भाग गया।
पुलिस उसकी बाइक को थाना पर ले आई।इस वाकया के बाद मधुरेंद्र पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोटरसाइकिल के लिए सरिता को जिम्मेदार मानते हुए उसे सबक सिखाने की फिराक में जुटा था। परिजनो ने बताया कि इस बात को लेकर कई बार विवाद भी हुआ।वही बीती रात यह विवाद हिंसक रूप ले लिया। घायल महिला सरिता की पुत्री मुस्कान के अनुसार वह अपनी मां और बहन के साथ दरवाजे पर बैठी थी। इसी दौरान मधुरेंद्र पैदल ही उसके घर पर आया और बिना कुछ कहे सुने मेरी मां के सिर में गोली मारकर फरार हो गया। फेनहारा थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर पूर्व से विवाद चला आ रहा है। इसमें 2 माह पहले भी एक मारपीट हुई थी। इसे लेकर एक मामला दर्ज हुआ था। उसी मामले में गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने गई थी। पुलिस को आता देख मधुरेंद्र अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। वहां से पुलिस बाइक उठा कर थाने लाई और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच उसने बीती रात इस घटना को अंजाम दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Next Story