बिहार

क्यों मिलना चाहिए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा? विधानसभा में मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया, विपक्ष से की यह अपील

Renuka Sahu
5 March 2022 2:51 AM GMT
क्यों मिलना चाहिए बिहार को विशेष राज्य का दर्जा? विधानसभा में मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया, विपक्ष से की यह अपील
x

फाइल फोटो 

राज्य के योजना विकास व ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार देश के पिछड़े राज्यों में ही शामिल है, इसीलिए तो हमलोग कह रहे हैं कि विशेष दर्जा मिलना चाहिए।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राज्य के योजना विकास व ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार देश के पिछड़े राज्यों में ही शामिल है, इसीलिए तो हमलोग कह रहे हैं कि विशेष दर्जा मिलना चाहिए। हम कहां कह रहे हैं कि बिहार बहुत समृद्ध राज्य हो गया है। लेकिन, वर्ष 2005 के बाद केंद्र सरकार के तमाम इंडेक्स पर हमारी स्थिति बेहतर हुई है और राज्य लगातार विकास कर रहा है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि इसे राजनीतिक विषय मत बनाइए।

राज्य में प्रजनन दर बहुत अधिक रहा, इसका कारण हमलोग नहीं हैं। इसके ऐतिहासिक कारण हैं। नदी घाटी सभ्यता की वजह से अधिक लोग नदियों के किनारे बसे। एक वक्त गंगा-जमुनी तहजीब में बहुत समृद्धि थी, जबकि दक्षिण के राज्य गरीब थे। शुक्रवार को बिहार विधानसभा में एक सवाल पर योजना मंत्री ने ये बातें कहीं। स्वीकार किया कि केंद्र सरकार के गुड गवर्नेंस इंडेक्स पर ग्रुप बी के आठ राज्यों में बिहार छठे पायदान पर है।
इस इंडेक्स की 2020-21 की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में एग्रीकल्चर ग्रोथ पिछले साल के 2.3 की तुलना में बढ़कर 4.6 हो गया है। वर्ष 2019-20 में खाद्यान्न उत्पादन की वृद्धि दर 1.3 थी जो 20-21 में 5.2 हो गई है। यह भी माना कि राज्य में चिकित्सकों के करीब 49 फीसदी पद खाली हैं, जिनपर नियुक्ति की प्रक्रिया निर्माणाधीन है। यादव ने कहा कि राज्य सरकार की विफलता का प्रश्न ही नहीं उठता है।
गुड गवर्नेंस इंडेक्स 2020-21 में बिहार का ओवरऑल स्कोर वर्ष 2019 की तुलना में 4.40 से बढ़कर 4.62 हो गया है। प्रगति के हिसाब से बिहार तीसरे स्थान पर है। कहा कि बिहार इथेनाल नीति लाने वाला देश का पहला राज्य है। इथेनॉल उत्पादन नीति 2021 के तहत 4 इथेनॉल इकाइयों में उत्पादन शुरू हो गया है जबकि 17 इकाइयों की स्थापना का कार्य चल रहा है।
राजद के ललित यादव ने मुद्दा उठाया
राजद विधायक ललित कुमार यादव ने सदन में यह मुद्दा अल्पसूचित सवाल के जरिए उठाया था। वहीं, पूरक सवाल के रूप में ललित यादव ने मंत्री से जानना चाहा कि वे बताएं कि किन चार इकाइयों में इथेनाल उत्पादन हो रहा है। इसपर मंत्री ने कहा कि वे संबंधित विभाग से विस्तार से जानकारी लेकर उन्हें दे देंगे। उप मुख्यमंत्री रेणु देवी ने हस्तक्षेप करते हुए बताया कि रामनगर, गोपालगंज, नरकटियागंज और बेतिया में इथेनॉल का उत्पादन हो रहा है। इसपर ललित यादव ने कहा कि यहां तो चीनी मिले हैं। मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि इथेनॉल क्या पानी से बनता है?
Next Story