बिहार

सलमान खान को राखी बांधने वाली सबा-फराह कौन? बिहार पहुंचेगी विशेषज्ञों की टीम

Saba Naaz
15 July 2026 7:29 PM IST
सलमान खान को राखी बांधने वाली सबा-फराह कौन? बिहार पहुंचेगी विशेषज्ञों की टीम
x

पटना। पटना की सिर से जुड़ी जुड़वां बहनें सबा और फराह के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है। अब दोनों बहनों को नियमित रूप से घर पर ही दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम हर महीने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करेगी। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों बहनों की लगातार निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की है।

सबा और फराह की चिकित्सा व्यवस्था पिछले कुछ समय से प्रभावित हो गई थी। परिवार की ओर से तीन महीने तक नियमित दवाएं नहीं मिलने की शिकायत की गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कदम उठाया और दोनों बहनों तक जरूरी दवाएं पहुंचाई गईं।

बुधवार को पटना के सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल चिकित्सकों की टीम के साथ राजाबाजार स्थित समनपुरा में सबा और फराह के घर पहुंचे। उन्होंने दोनों बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और इलाज की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली। सिविल सर्जन ने कहा कि दोनों बहनों के इलाज में किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाई गई विशेषज्ञ टीम में कई विभागों के डॉक्टर शामिल होंगे। इसमें कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल रहेंगे। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग और आर्थोपेडिक्स विभाग के डॉक्टर भी समय-समय पर दोनों बहनों की जांच करेंगे।

जरूरत पड़ने पर पैथोलॉजिकल जांच भी उनके घर पर ही कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि दोनों बहनों को इलाज के लिए बार-बार अस्पताल जाने की परेशानी न उठानी पड़े और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।

सबा और फराह जन्म से ही क्रैनियोपैगस नामक दुर्लभ स्थिति से जूझ रही हैं। इस स्थिति में दोनों बहनों के सिर आपस में जुड़े हुए हैं। यह दुनिया की बेहद दुर्लभ चिकित्सकीय स्थितियों में से एक मानी जाती है। दोनों बहनों को रोजाना कई प्रकार की दवाओं की जरूरत पड़ती है।

दवाओं की कमी के कारण हाल के महीनों में दोनों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। उन्हें हड्डियों में दर्द, हाथ-पैरों में सूजन और अन्य समस्याएं होने लगी थीं। बताया जाता है कि दोनों बहनों में से एक के पास केवल एक ही किडनी है, जिसके कारण नियमित चिकित्सा निगरानी बेहद जरूरी है।

दवाएं मिलने के बाद सबा और फराह ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अब उनका इलाज दोबारा सही तरीके से शुरू हो सकेगा। दोनों बहनों ने बताया कि सिविल सर्जन ने उन्हें हर महीने जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

उनके भाई तमन्ना ने भी पुष्टि की कि दोनों बहनों को दवाएं मिल चुकी हैं। परिवार ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि आगे भी चिकित्सा व्यवस्था नियमित बनी रहेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2012 में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सबा और फराह की नियमित चिकित्सा निगरानी शुरू की गई थी। इसके तहत विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम हर महीने उनके घर जाकर जांच करती थी। हालांकि बीच के वर्षों में यह व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।

अब स्वास्थ्य विभाग ने इस व्यवस्था को फिर से शुरू करने का फैसला किया है। इससे दोनों बहनों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।

बता दें कि सबा और फराह साल 2009 में मुंबई जाकर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से मिली थीं और उन्हें राखी बांधी थी। उस दौरान सलमान खान ने दोनों को अपनी बहन बताते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया था। इसके बाद से दोनों बहनें चर्चा में रही हैं।

Next Story