बिहार
हमें तिरंगे के नीचे एकजुट होकर मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित और प्रतिबद्ध होना चाहिए- सोनोवाल
Shantanu Roy
13 Aug 2022 11:37 AM GMT

x
बड़ी खबर
गुवाहाटी। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी गरिमा और सम्मान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज ने हमारे देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत किया है और लोगों को अनंत शक्ति, साहस और मनोबल प्रदान किया है। हमें एकजुट होकर भारत माता की सेवा में समर्पित होना पड़ेगा। ये बातें शुक्रवार को आजादी का अमृत महोत्सव के मद्देनजर शुक्रवार को गुवाहाटी के सोरुसजाई में आयोजित 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम नामक कार्यक्रम में भाग लेते हुए केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सनोवाल ने कही। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सर्बानंद सोनोवाल ने महान देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी नबीन चंद्र बोरदलोई की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने सोरुसजाई स्टेडियम परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह कार्यक्रम 'आजादी का अमृत महोत्सव' के मद्देनजर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में असम सरकार के मंत्री परिमल शुक्लबैद्य, बिमल बोरा, जयंत मल्ल बरुवा और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता ने अपने विचार व्यक्त किये। केंद्रीय मंत्री ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम की कड़ी में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज वितरण कार्यक्रम में भी भाग लिया। सोनोवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर एक जन आंदोलन बन गया है। 'घर घर तिरंगा' अभियान में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम के सभी क्षेत्रों के लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति की भावना को पुनर्जीवित करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि राज्य के कई प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी और महान शहीदों के परिवार हैं, जिन्होंने देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने आज भारत रत्न लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदलोई और देशभक्त तरुण राम फुकन के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में अभिनेत्री और नृत्यांगना मेघरंजिनी मेधी भी शामिल हुईं। केंद्रीय मंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता, प्रदेश सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश भाजपा के महासचिव पुलक गोहाईं,असम सरकार के मंत्री परिमल शुक्लबैद्य, बिमल बोरा, जयंत मल्ला बरुवा, सांसद क्वीन ओझा, सोनारी के विधायक धर्मेश्वर कोंवर के साथ ही भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं नेता मौजूद थे।
Next Story