बिहार
हम लोगों को 2018 से ही वायु प्रदूषण को लेकर जागरूक कर रहे हैं: नीतीश कुमार
Shantanu Roy
5 Nov 2022 5:36 PM GMT

x
बड़ी खबर
पटना। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रेस कांफ्रेंस में बिहार का नाम लेने के बाद बिहार में प्रदूषण और वायु की गुणवत्ता को लेकर नयी बहस छिड़ गयी है। केजरीवाल के बयान पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। शनिवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि 2018 से ही हम लोगों को वायु प्रदूषण को लेकर जागरूक कर रहे हैं। इस बार भी पराली जलाने को लेकर मना किया गया था। इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वायु प्रदूषण को लेकर हम बहुत पहले से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। 2018 से ही पराली जलाने को मना किया जा रहा है। इस बारे में आप भी पूरी जानकारी ले लीजिए।
वहीं, दिल्ली में वायु प्रदूषण उसके बगल के राज्य में पराली जलाने से भी बढ़ता है। ये बात बिल्कुल सच है। इसमें कोई शक नहीं है। उल्लेखनीय है कि वायु प्रदूषण को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रेस वार्त्ता की। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि प्रदूषण केवल दिल्ली और पंजाब की समस्या नहीं है। यह पूरे भारत की समस्या है। केजरीवाल ने बिहार के पं.चंपारण, बेतिया, मोतिहारी और अन्य जिले का नाम लिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के इन जिलों में तो दिल्ली या फिर पंजाब में पराली जलाने से धुंआ नहीं जाता है। उल्लेखनीय है कि बिहार में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। शुक्रवार को कटिहार जिले में वायु प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा।
Next Story