बिहार

वायरल वीडियो की धमकी और दुष्कर्म

Saba Naaz
27 Jun 2026 4:36 PM IST
वायरल वीडियो की धमकी और दुष्कर्म
x

बेतिया: बिहार के पश्चिमी चंपारण (बेतिया) जिले के नौतन थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक द्वारा युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार यौन शोषण करने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। आरोपी ने न सिर्फ पीड़िता का शारीरिक और मानसिक शोषण किया, बल्कि उसकी शादी तय होने पर तस्वीरें भेजकर रिश्ता भी तुड़वा दिया। पीड़िता की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नौतन थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

शादी का झांसा देकर बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

पीड़िता ने नौतन थाने में दिए गए अपने आवेदन में पूरी आपबीती सुनाई है। शिकायत के अनुसार, पंचायत राज खड़ा पुरंदरपुर का रहने वाला आलोक कुमार नामक युवक पिछले काफी समय से उसे अपनी हवस का शिकार बना रहा था। आरोपी ने पहले डरा-धमकाकर जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और धोखे से उसका एक आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसी वीडियो को हथियार बनाकर आरोपी ने ब्लैकमेलिंग का घिनौना खेल शुरू किया। वह वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा।

साजिश रचकर तुड़वाता रहा शादी, सदमे में था परिवार

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी आलोक कुमार की प्रताड़ना सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह उसकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद करने पर आमादा था। जब भी पीड़िता के परिजन उसकी शादी कहीं तय करते या बातचीत चलाते, आरोपी को इसकी भनक लग जाती थी। वह तुरंत लड़के वालों के पास पहुंच जाता और उन्हें पीड़िता की तस्वीरें व अन्य चीजें दिखाकर शादी तुड़वा देता था। आरोपी की इस हरकत की वजह से पीड़िता का कहीं भी विवाह नहीं हो पा रहा था, जिससे वह और उसका पूरा परिवार लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव और सामाजिक लोक-लाज के डर से जूझ रहा था।

पंचायती करने गई मां के साथ की मारपीट, फाड़ी साड़ी

दबाव और प्रताड़ना से तंग आकर जब पीड़िता की मां इस मामले को सुलझाने और शिकायत करने आरोपी के घर पहुंची, तो वहां बात बनने के बजाय और बिगड़ गई। आरोप है कि आलोक कुमार के परिजनों ने पीड़िता की मां के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की। दबंगई की हद पार करते हुए आरोपियों ने महिला की साड़ी फाड़ दी और उनके साथ घोर अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

आधा दर्जन लोगों पर FIR, मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे

मामले की गंभीरता और महिला सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलू को देखते हुए नौतन पुलिस तुरंत रेस हो गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आलोक कुमार सहित आधा दर्जन से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। नौतन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी आलोक कुमार को धर-दबोचा है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घिनौनी साजिश और मारपीट की घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही वे सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Next Story