बिहार

दरभंगा में मुहर्रम के दौरान हिंसा

Kanchan Paikara
26 Jun 2026 4:29 PM IST
दरभंगा में मुहर्रम के दौरान हिंसा
x
Bihar बिहार : बिहार के दरभंगा जिले में शुक्रवार (26 जून, 2026) की सुबह मुहर्रम के दौरान बड़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। यह घटना बहादुरपुर थाना क्षेत्र के उझौल गांव की बताई जा रही है, जहां अखाड़े में ट्यूब लाइट बुझाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला गोलीबारी और हत्या तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान उझौल गांव निवासी दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी (उम्र लगभग 30-31 वर्ष) ने मो. इलियास के पुत्र मो. मोबिन (उम्र लगभग 50-51 वर्ष) को पेट में गोली मार दी। गोली लगने से मो. मोबिन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि मो. मोबिन मुहर्रम की छुट्टी में अपने घर आए हुए थे और वे पटना जिला बल में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान मौजूद भीड़ ने आरोपी सुनील सहनी को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। गुस्साई भीड़ ने उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान किसी व्यक्ति ने धारदार हथियार (फरसा) से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे सुनील सहनी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। शुरुआती जांच में यह मामला धार्मिक जुलूस के दौरान मामूली विवाद से शुरू होकर गंभीर हिंसा में बदलने का बताया जा रहा है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है। वहीं, अस्पताल में भर्ती ASI की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Next Story