
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के थावे प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर में छात्र की डंडे से पिटाई का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। विद्यालय के अंदर एक व्यक्ति द्वारा छात्र की पिटाई किए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपी चंद्रेश्वर नाथ चौबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश जारी किया गया है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कक्षा के अंदर एक छात्र को डंडे से मारते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में कक्षा में मौजूद अन्य छात्र डरे हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की गई है। घटना को लेकर शिक्षा विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब तीन बजे विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं खेल रहे थे। इसी दौरान प्यारेपुर गांव निवासी चंद्रेश्वर नाथ चौबे विद्यालय परिसर में पहुंचे और एक छात्र की डंडे से पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान छात्र ने आरोपी को रोकने के लिए पुलिस को फोन करने की बात भी कही, लेकिन इसके बाद भी उसकी पिटाई जारी रही।
वीडियो में एक शिक्षक छात्र को बचाने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक ने आरोपी से कहा कि छात्र उनके पास बैठा था और उसे नहीं पीटना चाहिए, लेकिन आरोपी ने उनकी बात नहीं मानी। इस घटना के बाद विद्यालय में मौजूद बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी। मंगलवार को प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिवमणि विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, ग्रामीणों और अन्य संबंधित लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी व्यक्ति पहले भी विद्यालय परिसर में विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल रहा है। विद्यालय प्रशासन का आरोप है कि चंद्रेश्वर नाथ चौबे पहले भी स्कूल में आकर समस्याएं पैदा कर चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, वह विद्यालय के भूमि दाता भी हैं।
आरोपी पर विद्यालय के दो कमरों में रखे सरकारी अभिलेखों और प्रधानाध्यापक कार्यालय में ताला लगाने का भी आरोप लगाया गया है। इससे विद्यालय के सामान्य कामकाज और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने प्रभारी बीईओ को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक को आरोपी के खिलाफ थावे थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालय परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश कर बच्चों के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी बीईओ सम्राट शिवमणि ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आरोपी चंद्रेश्वर नाथ चौबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से मामले की आगे जांच की जा रही है।
इस घटना ने सरकारी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा और बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विद्यालय परिसर में छात्रों को सुरक्षित माहौल मिल सके।





