
Bihar: नालंदा जिले के चंडी प्रखंड के गौढ़ापर गांव निवासी उद्यमी किसान वीर अभिमन्यु सिंह ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर (भागलपुर) में आयोजित राष्ट्रीय आम समागम में ‘तेल वाला आम का अचार’ श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 1200 रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह दो दिवसीय राष्ट्रीय आम समागम कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया था, जिसमें देश के आठ राज्यों से आए दो हजार से अधिक प्रगतिशील किसानों और कृषि उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में आम और उससे जुड़े उत्पादों की गुणवत्ता, स्वाद और नवाचार के आधार पर प्रतियोगिता कराई गई थी।
वीर अभिमन्यु सिंह ने प्रतियोगिता में अपना तैयार किया हुआ एक ही डिब्बा अचार प्रस्तुत किया था, जिसे विशेषज्ञों ने उसकी गुणवत्ता और स्वाद के आधार पर सराहा। कृषि विज्ञान केंद्र हरनौत की वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्राचार्य डॉ. सीमा कुमारी ने बताया कि अभिमन्यु सिंह एक समर्पित और आत्मविश्वासी किसान हैं, जिन्हें अपने उत्पाद पर पूरा भरोसा था।
समापन समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ऑनलाइन माध्यम से विजेताओं को सम्मानित किया। इस वर्ष समागम की थीम ‘स्वाद, संस्कृति और समृद्धि का संगम’ रखी गई थी।
इस सफलता के बाद नालंदा जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और किसान संगठनों ने इसे ग्रामीण उद्यमियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।





