बिहार

बिहार : 25 वर्षीय युवक हुआ भीड़ हिंसा का शिकार, 15 से ज्यादा लोगों पर FIR

Admin2
28 Jun 2022 8:19 AM GMT
बिहार : 25 वर्षीय युवक हुआ भीड़ हिंसा का शिकार, 15 से ज्यादा लोगों पर FIR
x

जनता से रिश्ता : बिहटा थाना क्षेत्र के पाली हॉल्ट गांव में रविवार की रात करीब तीन बजे बाइक चुरा रहा 25 वर्षीय युवक भीड़ हिंसा का शिकार हो गया। बाइक चुराते रंगेहाथ पकड़ने के बाद लोगों ने उसे खंभे से बांध दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। सांस उखड़ने तक भीड़ में शामिल लोग उसे पीटते रहे। मृतक की पहचान बिहटा थानाक्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी दिनेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बाइक चोरी करने के मामले में मारा गया आरोपित पूर्व में जेल जा चुका था। जेल से छूटने के बाद वह फिर से बाइक चुराने लगा था। इस मामले में पुलिस ने 15 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि सोमवार की देर शाम तक इस मामले में कोई आरोपित पकड़ा नहीं जा सका था।

बताया गया है कि पाली हॉल्ट गांव में पंचायत समिति सदस्या के घर के पास तीन शातिर बाइक चुराने पहुंचे थे। तभी लघुशंका के लिये उठे एक वृद्ध ने की नजर बाइक चुरा रहे आरोपित राहुल पर पड़ी। वृद्ध ने जब शातिर को रोका तो उसने वृद्ध पर हमला कर दिया और दांत से उसके जांघ में काट लिया। वृद्ध के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़ पड़े और पीछा कर राहुल को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। पकड़े गए युवक को लोगों ने खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडों से उसकी सांसें थमने तक पिटाई की। सूचना के बाद बिहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपित को रेफरल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सोर्स-hindustan

Next Story