बिहार

वैशाली: SDPO ने BPSC सफल अभ्यर्थियों को किया सम्मानित

Saba Naaz
22 Jun 2026 7:28 PM IST
वैशाली: SDPO ने BPSC सफल अभ्यर्थियों को किया सम्मानित
x

Bihar: वैशाली जिले के महनार अनुमंडल में 70वीं बीपीएससी परीक्षा के परिणाम ने कई युवाओं के सपनों को नई पहचान दी है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर प्रशासनिक सेवाओं में सफलता हासिल की है। इन सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

सोमवार को एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को अंगवस्त्र, पौधा और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर की गई।

सम्मानित होने वालों में देसरी प्रखंड के उफरौल निवासी सौरभ कुमार शामिल हैं, जिन्होंने राजस्व अधिकारी पद पर सफलता हासिल की है। वहीं महनार नगर परिषद के फतेहपुर कमाली निवासी लक्ष्मी प्रसाद का चयन सप्लाई इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के बाजितपुर चकस्तूरी पंचायत निवासी नेहा कुमारी भी सफल अभ्यर्थियों में शामिल हैं।

एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने कहा कि युवाओं की यह सफलता समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिणाम क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के सम्मान से प्रशासन और समाज के बीच बेहतर संबंध बनते हैं और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है।

उन्होंने आगे बताया कि महनार अनुमंडल में प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित करने की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। इसी क्रम में 29 जून को एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बिहार पुलिस, होमगार्ड, जेईई, नीट और भारतीय सेना में चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा सूची तैयार की जा रही है।

एसडीपीओ ने लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के सफल अभ्यर्थियों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी प्रतिभा को सम्मान से वंचित न रहना पड़े। 70वीं बीपीएससी परिणाम में महनार क्षेत्र के पांच युवाओं की सफलता से पूरे इलाके में उत्साह और खुशी का माहौल है।

Next Story