बिहार

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दूल्हे के भाई समेत 3 की मौत

Rani Sahu
2 May 2022 2:48 PM GMT
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, दूल्हे के भाई समेत 3 की मौत
x
पश्चिम चंपारण के लौरिया के साहूजैन स्कूल से आगे लचका के पास रविवार रात वाहन ने बारात जा रहे दूल्हे के भाई की बाइक में ठोकर मार दी

पश्चिम चंपारण के लौरिया के साहूजैन स्कूल से आगे लचका के पास रविवार रात वाहन ने बारात जा रहे दूल्हे के भाई की बाइक में ठोकर मार दी। घटनास्थल पर ही दूल्हे के सगे व चचेरे भाई की मौत हो गई। वहीं दूर के भतीजे ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। घटना की खबर सुनते ही दूल्हा रोते हुए बिना दुल्हन लिए ही ससुराल से लौट आया।

तीनों की पहचान पराऊटोला के फूलचंद साह के पुत्र दीपक साह (दूल्हे का सगा भाई), रामजी साह के पुत्र बिट्टू साह (चचेरा भाई) व योगापट्टी थानाक्षेत्र के सिसवा भूमिहार के नंदकिशोर साह के पुत्र बालिस्टर साह (भतीजे) के रूप में हुई है। तीन मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। दूल्हे के घर, ससुराल व योगापट्टी के भतीजे के घर पर परिजनों के चीत्कार से गूंज उठे।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि तीनों शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक मामले आवेदन नहीं मिला है। जानकारी मिली है कि परिजन आवेदन तैयार कर रहे हैं। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार फूलचंद साह के बड़े बेटे यशवंत साह की शादी के लिए पराउटोल से गौनाहा बारात जा रही थी। सभी लोग वाहन से बारातियों के साथ निकल गये। दूल्हा का सगा भाई दीपक, चचेरा भाई बिट्टू व फुआ का पोता बालिस्टर बाइक से बारात में जाने के लिए निकला। लौरिया के साहू जैन स्कूल से कुछ आगे लचका पुल पर रामनगर की ओर से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में जबर्दस्त ठोकर मार दी। इसके बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
ठोकर लगते ही तीनों सड़क पर गिर गये। ठोकर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस की सूचना दी। सगे व चचेरे भाई की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। लोगों ने भतीजे को लौरिया पीएचसी में भर्ती कराने के लिए भेजा। लेकिन एक किलोमीटर भी वह जिंदा नहीं रह सका। पीएचसी पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बिट्टू की शादी मात्र आठ महीने पहले तिरहुतिया टोला में चंद्रमा देवी से हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचा। खबर लिखे जाने तक दुल्हन की विदाई नहीं हो सकी थी।


Next Story