बिहार

समाज के अंतिम पायदान की सेवा ही सच्ची सेवा : विजय सिन्हा

Shantanu Roy
17 Sep 2022 6:05 PM GMT
समाज के अंतिम पायदान की सेवा ही सच्ची सेवा : विजय सिन्हा
x
बड़ी खबर
पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के मौके पर गरीब-असहाय लोगों को भोजन कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान की सेवा ही सच्ची सेवा है। विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा पूरे देश में प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा पखवारे के तौर पर मना रही है और इस सेवा पखवारे के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य है की वो गरीब वंचित लोगों की सेवा कर सके। आज इस सेवा पखवारे के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर गरीब एवं असहाय लोगों के बीच सह भोज का आयोजन कर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने बहुत ही बेहतरीन सेवा का कार्य करने का काम किया है। विजय सिन्हा ने कहा कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ सदैव गरीब वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के हित में काम करता आया है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हम सबों ने कोरोना काल में भी देखा, जब लॉकडॉउन के समय भी क्रीड़ा प्रकोष्ठ की पूरी टीम ने कोई गरीब भूखा ना रहे मिशन के तहत पूरे लॉकडॉउन में लोगों को भोजन कराता रहा।
आज प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर गरीब असहाय लोगों के बीच सह भोज का आयोजन यह दर्शाता है की भाजपा का हर एक कार्यकर्ता समाज के सेवा के लिए समर्पित है। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए गर्व का दिन है क्योंकि, आज आधुनिक भारत के निर्माता देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। हम सभी प्रधानमंत्री को अपना आदर्श मानते है। प्रधानमंत्री खुद को प्रधान सेवक मान कर देश की सेवा करने का कार्य करते आए हैं। इसी सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए भाजपा ने इस वर्ष प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा पखवारे के रूप में मनाने का निर्धारित किया। उल्लेखनीय है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 72वें जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के सेवा पखवाड़ा के तहत आज भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश संयोजक सतीश राजू के नेतृत्व में पटना गोलघर के समीप हजारों गरीब असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच सहभोज का आयोजन हुआ। इसमें बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए एवं लोगों को भोजन परोसा।
Next Story