
Bihar: मोतिहारी जिले के मेहसी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा इतना जोरदार था कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें देखा गया कि एक यात्री बस गुजरने के कुछ ही सेकंड बाद यह दुर्घटना हुई.
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हादसे से ठीक पहले एक बस घटनास्थल से सुरक्षित गुजर गई थी. इसके महज दो सेकंड बाद पीछे से आ रही एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यह टक्कर कुछ सेकंड पहले होती तो बस भी इसकी चपेट में आ सकती थी और एक बड़ा हादसा हो सकता था.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुजफ्फरपुर की ओर से आ रही एक ट्रक तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण खो बैठी, जिसके कारण वह डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में चली गई. इसके बाद सामने से आ रही दूसरी ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई.
हादसे में राजा कुमार (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रदीप सिंह, बबलू और मतलू गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना के दौरान पीछे चल रहा एक बाइक सवार समय रहते रुक गया, जिससे उसकी जान बच गई. हादसे के बाद मौके पर धुएं का घना गुबार फैल गया और कुछ समय के लिए सड़क यातायात बाधित हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.
इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.





