बिहार

बिहार में आज वज्रपात का अलर्ट जारी, 6 जिलों में भारी बारिश की संभावना

HARRY
28 Jun 2023 5:43 PM GMT
बिहार में आज वज्रपात का अलर्ट जारी, 6 जिलों में भारी बारिश की संभावना
x

बिहार | बिहार में अब तक मॉनसून कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के भीतर राज्यभर में बारिश संबंधी गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। बुधवार को राज्यभर में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर वज्रपात होने की आशंका है। कई जिलों में छिटपुट बारिश भी हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर और पूर्वी बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 जिलों में तेज बरसात की आशंका है। राजधानी पटना में भी आसमान से बादल बरस सकते हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को राज्य के मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर वज्रपात के साथ मेघ गर्जन की संभावना है। राजधानी पटना में बुधवार को बादल छाए रह सकते हैं। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होगी। राज्य में अगले 48 घंटे के दौरान सतही हवा झोंके के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। वहीं सामान्य तौर पर सतही हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। इससे मौसम की तल्खी काफी घटी है। तापमान में गिरावट आने से तपिश कम हुई है।

मंगलवार को राज्य के 27 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट जबकि पटना सहित 4 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान भोजपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दक्षिण-पूर्व भाग के अनेक स्थानों, दक्षिण-मध्य भाग के कुछ स्थानों और प्रदेश के अन्य भागों के एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की वर्षा हुई। इसमें बांका के बेहलर में 27.2 मिमी, मधेपुरा के अलाल नगर में 15.2 और उदाकिशनगंज में 4.6 मिमी, जमुई के सोनो में 14.4 मिमी, मुंगेर के संग्रामपुर में 13.2 और मुंगेर व बरियारपुर में 5.6 मिमी हुई।

Next Story