महागठबंधन को कमजोर करने वाले लोग मुख्यमंत्री जी को कर रहे कमजोर: जयंत राज
![महागठबंधन को कमजोर करने वाले लोग मुख्यमंत्री जी को कर रहे कमजोर: जयंत राज महागठबंधन को कमजोर करने वाले लोग मुख्यमंत्री जी को कर रहे कमजोर: जयंत राज](https://jantaserishta.com/h-upload/2023/01/26/2479125-whatsapp-image-2023-01-25-at-140653-660x330.webp)
पटना: माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय में सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु होने वाले ''कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री'' कार्यक्रम में बुधवार को माननीय लघु जल संसाधन मंत्री श्री जयंत राज सम्मिलित हुए और विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री श्री जयंत राज ने एक सवाल के जवाब में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी को कमजोर करने की जो लोग साजिश कर रहे थे उनका पर्दाफास हो गया है। बिहार के विकास हेतु महागठबंधन बना है इसे कमजोर करने वाले लोग हमारे नेता माननीय मुख्यमंत्री को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। श्री उपेन्द्र कुशवाहा द्वारा महागठबंधन में हुयी डील के बावत पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जदयू डील में नहीं सभी के लिए न्याय के साथ विकास में विश्वास रखती है।
जयंत राज ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि हमारे नेता ने श्री उपेन्द्र कुशवाहा को पहली बार विधान सभा का चुनाव जीतने पर विरोधी दल का नेता बनाया, चुनाव हार गए तो पार्टी का पदाधिकारी बनाया और बाद में राज्यसभा में भेजने का काम किया। इस बार पार्टी में आने पर उन्हें अपने संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया, फिर पवेलियन में बैठाने की बात का क्या मायने हो सकता है। महागठबंधन से हुयी डील के बारे में संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष के नाते तो उन्हें ही बताना चाहिए। उनकी नाराजगी के कारण के बारे में पूछने पर मंत्री ने कहा कि कोई कारण तो सामने नजर नहीं आता। अति महत्वाकांक्षा अगर पाले हों तो वही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी से नेता होते हैं नेता से पार्टी नहीं हो सकती।
![Admin Delhi 1 Admin Delhi 1](/images/authorplaceholder.jpg?type=1&v=2)