
बिहार: पटना जिले से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं, जहां प्रेम संबंधों में धोखे और शादी का झांसा देकर शोषण के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। महिला थाना और महिला आयोग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से जून के बीच कुल 103 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें 82 मामले प्रेम संबंध के बाद धोखे और शादी से इनकार से जुड़े हैं।
इन मामलों में सामने आया है कि कई युवकों ने शादी का वादा कर लंबे समय तक संबंध बनाए, लेकिन बाद में परिवार या अन्य कारणों का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया। ऐसे मामलों में पीड़ित छात्राओं ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट के अनुसार कुछ मामलों में रिसर्च स्कॉलर छात्राओं ने अपने गाइड प्रोफेसरों पर मानसिक प्रताड़ना और दबाव डालने के आरोप भी लगाए हैं। कुल 11 शिकायतों में आरोप है कि शोध कार्य को प्रभावित किया गया और कई बार धमकी भी दी गई।
इसके अलावा कुछ मामलों में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और बाद में निजी तस्वीरों के आधार पर ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग की घटनाएं भी सामने आई हैं। इससे साइबर और सामाजिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ी है। महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने कहा कि कॉलेज और विश्वविद्यालयों की छात्राओं के सामने अब केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा की भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में जागरूकता बेहद जरूरी है।
महिला थाना और आयोग ने बताया कि सभी शिकायतों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही छात्राओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस या संबंधित प्राधिकरण को सूचना दें। इन आंकड़ों से साफ है कि शहरी और शैक्षणिक क्षेत्रों में प्रेम संबंधों में धोखे और साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।





