बिहार
अक्टूबर तक शुरू होगा डुंगेश्वरी और ब्रह्मयोनि पहाड़ी रोप-वे का काम, एजेंसी की खोज शुरू
Deepa Sahu
7 Sep 2022 2:27 PM GMT

x
बड़ी खबर
पटना। गया की डुंगेश्वरी और ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर 22 करोड़ रुपये से रोप-वे का निर्माण जल्द शुरू होगा। रोप-वे निर्माण के लिए एजेंसी की खोज शुरू हो गई है। डुंगेश्वरी रोप-वे की अनुमानित लागत 14.87 करोड़ जबकि ब्रह्मयोनि रोप-वे की अनुमानित लागत 7.54 करोड़ रुपये आंकी गई है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने टेंडर निकालकर एजेंसियों से दोनों रोप-वे के डिजाइन, आपूर्ति, इंस्टालेशन, टेस्टिंग और संचालन से जुड़े काम के लिए निविदा आमंत्रित की है। इसके लिए 22 सितंबर की अंतिम तारीख तय की गई है। इसी दिन तकनीकी निविदा खोली जाएगी। पर्यटन विभाग के वरीय अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर तक डुंगेश्वरी और ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर बनने वाले रोप-वे का काम शुरू हो जाएगा।
डुंगेश्वरी रोप-वे में होंगे दो सेक्शन
प्राथमिक योजना के अनुसार, डुंगेश्वरी पर्वत पर बनने वाले रोप-वे में दो सेक्शन होंगे। पहला हिस्सा बस-कार पड़ाव से शुरू होकर डुंगेश्वरी माता मंदिर तक जाएगा। इसके लिए छह केबिन होंगे। प्रत्येक केबिन में छह-छह यात्री बैठ सकेंगे। इसमें करीब पांच मिनट का समय लगने का अनुमान है। इससे थोड़ी दूर पर रोप-वे का दूसरा हिस्सा शुरू होगा। यह डुंगेश्वरी पहाड़ी के पास स्तूप तक जाएगा। इसके लिए दो केबिन होंगे जिसमें छह-छह यात्री बैठ सकेंगे। इस सफर में करीब पांच मिनट 15 सेकेंड का वक्त लगेगा।
छह मिनट में ब्रह्मयोनि पहाड़ी का सफर
गया की ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर बनने वाले रोप-वे में चार केबिन होंगे। प्रत्येक केबिन में चार-चार यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। यह रोप-वे दया प्रकाश सरस्वती स्कूल के पास से शुरू होगा जो ब्रह्मयोनि पर्वत पर मातृयोनि गुफा के पास तक जाएगा। इस सफर को तय करने में लगभग छह मिनट का समय लगेगा।
बिहार में राजगीर और बांका के बाद गया की डुंगेश्वरी और ब्रह्मयोनि पहाड़ी पर बनने वाला रोप-वे बिहार का तीसरा और चौथा रोप-वे होगा। राज्य में छह नए रोप-वे बनाए जाने का प्रस्ताव पर्यटन विभाग ने तैयार किया है। इसमें गया में ही प्रेतशिला पर्वत पर भी रोप-वे बनाए जाने की योजना है। इसके अलावा जहानाबाद का वाणावर पर्वत, कैमूर के मुंडेश्वरी पर्वत और रोहतासगढ़ किला को भी रोप-वे से जोड़ने की योजना है।
- jagran.com

Deepa Sahu
Next Story