
PATNA पटना: बिहार में एनडीए का विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का तीसरा चरण 3 सितंबर से शुरू होगा। इस चरण में कुल 42 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी मंगलवार को बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में एनडीए की संयुक्त प्रेस वार्ता में दी गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि 23 अगस्त से एनडीए के विधानसभा संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि पहले चरण के सम्मेलन को व्यापक सफलता मिली और विपक्ष विकास पर चर्चा करने की हिम्मत नहीं दिखा पा रहा है।जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रथम चरण में सभी घटक दलों में समन्वय अच्छा रहा। तीसरे चरण में तीन सितंबर, सात सितंबर और आठ सितंबर को कुल 14 टीमों के सदस्य 42 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
तीन सितंबर को वैशाली, राजगीर, सकरा, खगड़िया, बरबीघा, केसरिया, सुरसंड, छातापुर, रीगा, गयाजी टाउन, बछवाड़ा, काराकाट, अगिआंव और बेनीपट्टी में सम्मेलन आयोजित होंगे। सात सितंबर को एकमा, कुचायकोट, महनार, फुलपरास, नवीनगर, कसबा, अलौली, केवटी, बड़हरा, कुटुंबा, बेगूसराय, बाराचट्टी, शाहपुर और जोकीहाट में सम्मेलन होंगे। आठ सितंबर को मीनापुर, मोकामा, बेलसंड, बहादुरपुर, शेटघाटी, मनिहारी, हसनपुर, सहरसा, लालगंज, मखदुमपुर, पीरपैंती, रजौली, मनेर और कटिहार में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने दावा किया कि 2025 के चुनाव में बेहतर परिणाम मिलेंगे और एनडीए में सभी कार्यकर्ता एकजुट हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा गया कि वह भ्रम फैला रहे हैं, जबकि पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लोग विकास पर भरोसा रखते हैं। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कार्यकर्ता सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जमीन पर विपक्ष कहीं नहीं है और एनडीए में सभी कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं।





