बिहार

बदमाशों ने महिला मुखिया की हत्या कर पंखे से लटकाया शव, पति के बयान पर तीन के खिलाफ केस दर्ज

Kunti Dhruw
1 April 2022 10:27 AM GMT
बदमाशों ने महिला मुखिया की हत्या कर पंखे से लटकाया शव, पति के बयान पर तीन के खिलाफ केस दर्ज
x
सुल्तानगंज जिले के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमैठा पंचायत की महिला मुखिया अनिता देवी (46) की अपराधियों ने हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया।

बिहार: सुल्तानगंज जिले के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमैठा पंचायत की महिला मुखिया अनिता देवी (46) की अपराधियों ने हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया। घटना बुधवार देर रात की बतायी जा रही है। घटना की जानकारी ग्रामीणों एवं परिजनों को गुरुवार सुबह आठ बजे उस समय मिली, जब मुखिया के आवास का दरवाजा बंद पाया गया। इस दौरान निमंत्रण देने आए एक व्यक्ति द्वारा दरवाजा बंद होने की बात बताई गयी।

परिजनों ने बंद दरवाजे को खोलने का प्रयास किया तो नहीं खुला। शंका होने पर खिड़की से झांक कर देखा गया तो अंदर कमरे में मुखिया का शव पंखे से लटक रहा था। कमरे का गेट खुला हुआ था। आनन-फानन में परिजन सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते कमरे में दाखिल हुए तथा शव को नीचे उतारा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पति पटना एजी ऑफिस में काम करते हैं। वे रविवार को ही घर से पटना गये थे। पति के शाम 4 बजे पहुंचने के बाद उनके बयान पर मामला दर्ज किया गया।
बाथ थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पति वेदानंद तांती के बयान पर दो युवकों महक कुमार उर्फ महकौवा एवं दीपक कुमार को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया है। शव देखने आये दोनों युवकों को देख ग्रामीण आक्रोशित हो गये और जमकर पिटाई कर दी। घायल दोनों युवकों को गिरफ्तार कर पुलिस संरक्षण में इलाज के लिए भेजा गया है।मृतका की छोटी गोतनी चांदनी देवी ने बताया कि बड़ी गोतनी अनिता देवी बोलती थी कि मेरी जान को खतरा है। मुझे प्रसाद में जहर मिला कर खिलाने का प्रयास किया गया था। मृतका ने गांव के ही एक युवक पर आशंका जताई थी। छोटी गोतनी सहित मृतका के भाई बमबम तांती खड़िया, बरियारपुर मुंगेर सहित ग्रामीण इसे हत्या बता रहे हैं तथा घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
मौके पर पहुंची बाथ, सुल्तानगंज, अकबरनगर, शाहकुंड थाना पुलिस सहित विधि-व्यवस्था सदर डीएसपी डॉ गौरव कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक रतन लाल ठाकुर, सुल्तानगंज थानाध्यक्ष लाल बहादुर, बीडीओ मनोज कुमार मूर्मू, सीओ शंभू शरण राय सहित बाजरा टीम पुलिस घटनास्थल पर जमी हुई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जुटी हुई है। घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम के सदस्यों द्वारा जांच की गई। डीएसपी ने बताया कि हत्या या आत्महत्या की सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा फिलहाल घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है।

बाथ थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी घायल

मुखिया की हत्या कर देने की खबर फैलते ही शव देखने जुटी ग्रामीणों की भीड़ में शामिल लोग उस समय आक्रोशित हो उठे जब शव को देखने दो संदिग्ध युवक भी वहां पहुंच गए। लोग उसे देखते ही उस पर टूट पड़े। दोनों युवक मौके से भागने लगे तो ग्रामीणों ने दोनों को खदेड़कर पकड़ा और दोनों की जमकर पिटाई कर दी। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने दोनों युवकों को कब्जे में लिया।इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पथराव से बाथा थानाध्यक्ष मनीष कुमार एवं अकबरनगर थाना के दो गृहरक्षक, बाथ थाना के एक चौकीदार घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को रह-रहकर बल प्रयोग करना पड़ा लेकिन भीड़ किसी का कुछ सुनने को तैयार नहीं थी।

दिनभर रणक्षेत्र बना रहा घटनास्थल

ग्रामीणों के हत्थे चढ़े दोनों युवकों को पुलिस द्वारा अपने कब्जे में लेने के बाद घटनास्थल पर दिनभर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। इस दौरान ग्रामीण उग्र हो कई बार दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेने के लिए पथराव शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों को जान से मार देने पर उतारू थे। अंततः शाम साढ़े पांच बजे के करीब पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में सफल रही और फिर दोनों युवकों को हिरासत में ले सुरक्षित अपने साथ ले गई।

घटनास्थल पर ग्रामीणों का आक्रोश देख बीडीओ मनोज कुमार मुर्मू, सीओ शम्भू शरण राय सहित कई थाने की पुलिस दिनभर मौजूद रही। आक्रोशित लोगों द्वारा कई बार दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेने का प्रयास करते रहे। बीच-बीच में पुलिस मुकदर्शक बनी रही। जब पुलिस दोनों युवकों को मुखिया के घर के अंदर ले जाने में सफल रही तब जाकर आक्रोशित ग्रामीण मुखिया के घर पर ईट-पत्थर चलाने लगे। जिससे घर की खिड़की में लगे शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गये। घटनास्थल घंटों तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा।

माता-पिता की इकलौता पुत्री थी मुखिया अनीता देवी

कुमैठा पंचायत की मुखिया अनिता देवी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। घटना की सूचना पर इकलौते भाई बमबम तांती घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि माता-पिता के गुजर जाने के बाद वो ही मेरा ख्याल रखा करती थी। अपनी जान पर खतरा होने की बात भी हमसे कहा करती थी। मैंने उन्हें लाइसेंसी हथियार लेने की सलाह दी थी।

बहन अपने पीछे पति सहित पांच पुत्री पूजा कुमारी, काजल कुमारी जिसकी शादी हो गई है तथा तीन पुत्री आरती, कोमल, विष्णु एवं एक पुत्र अभि छोड़ गई है। घटना के बाद शाम चार बजे सबसे पहले पटना से मुखिया के पति वेदानंद तांती एवं पुत्र अभि आए। मृतका को नम आंखों से मुख में जल दिए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


Next Story