बिहार

तिलक समारोह में आए 49 लोगों की बिगड़ी तबियत, समोसा और आलू चप खाने से हुआ

Rani Sahu
1 May 2022 1:03 PM GMT
तिलक समारोह में आए 49 लोगों की बिगड़ी तबियत, समोसा और आलू चप खाने से हुआ
x
औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में शनिवार की रात तिलक समारोह में आए लोगों की तबियत बिगड़ गई

औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में शनिवार की रात तिलक समारोह में आए लोगों की तबियत बिगड़ गई। नाश्ता करने के बाद अचानक से लोगों को उल्टी होने लगी और पेट दर्द की शिकायत की जाने लगी। आनन-फानन में लोगों को देव सामुदायिक अस्पताल लाया गया और फिर वहां से कई लोगों को सदर अस्पताल रेफर किया गया। कुल 49 लोगों की तबीयत खराब हुई जिनका इलाज अलग-अलग जगहों पर किया गया। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है।

रफीगंज प्रखंड के बलिगांव गांव से सुरेंद्र मिस्त्री की बेटी प्रीती शर्मा का तिलक देव थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव में जगन्नाथ मिस्त्री के बेटे पप्पू कुमार शर्मा के लिए आया था। रात में सभी लोगों को नाश्ता दिया जाने लगा। नाश्ता करने के कुछ समय के बाद कुछ लोगों को उल्टी होने लगी। देखते ही देखते कई लोग पेट दर्द की शिकायत करने लगे तो कुछ लोगों ने शौचालय जाने की बात कही।
स्थानीय ग्रामीणों और अन्य लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए देव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मो. समीद अहमद, डॉ. नीलम, कोमल, एएनएम चंद्रकांति, रेणुका, डुंगडुंग कुमारी, सोनी, देवेंद्र कुमार, अशोक सैनी सहित अन्य लोग इलाज में जुट गए। रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे तक लोगों का इलाज चलता रहा।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि नाश्ता में कोई समोसा या आलू चप खाने के बाद से लोगों को समस्या हुई थी। संभवत उक्त खाद्य सामग्री पूरी तरह सड़ चुकी थी, जिसके कारण लोगों की तबीयत बिगड़ी। तिलक में पहुंचे केताकी गांव के पुरोहित नवीन पाठक ने बताया कि उन्होंने एक मिठाई खाई थी लेकिन जब लोगों की तबीयत खराब हुई तो उन्होंने दवा ली। उनकी तबीयत नहीं बिगड़ी और वह ठीक हैं।


Next Story