बिहार

ट्रेन बदलने की परेशानी खत्म, देवघर-जमालपुर सफर हुआ आसान

Saba Naaz
17 July 2026 5:05 PM IST
ट्रेन बदलने की परेशानी खत्म, देवघर-जमालपुर सफर हुआ आसान
x

जमुई। देवघर (बैद्यनाथ धाम) और जमालपुर के बीच सफर करने वाले दैनिक रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। अब यात्रियों को जसीडीह, झाझा या किउल स्टेशन पर ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। पूर्व रेलवे ने जसीडीह से जमालपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी के लिए नई रैक लिंकिंग व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। यह नई व्यवस्था 21 जुलाई से प्रभावी होगी।

रेलवे की इस पहल से देवघर, जमुई, झाझा, सिमुलतला, गिद्धौर, टेलवा बाजार, लखीसराय, किउल और जमालपुर क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों को फायदा मिलेगा। लंबे समय से यात्री वाया जसीडीह-झाझा-किउल होते हुए जमालपुर तक सीधी ट्रेन सेवा की मांग कर रहे थे। अब रेलवे ने इस मांग को स्वीकार करते हुए नई व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है।

आसनसोल रेल मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नई रैक लिंकिंग व्यवस्था के तहत तीन मेमू पैसेंजर ट्रेनों को एक ही रैक से जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत गाड़ी संख्या 63156 वैद्यनाथधाम-जसीडीह, गाड़ी संख्या 63573 जसीडीह-किउल और गाड़ी संख्या 63424 किउल-जमालपुर मेमू को एकीकृत रैक के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी तक देवघर से जमालपुर जाने वाले यात्रियों को कई बार किउल या झाझा स्टेशन पर उतरकर दूसरी ट्रेन का इंतजार करना पड़ता था। इससे यात्रियों का समय बर्बाद होता था और सफर भी असुविधाजनक हो जाता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह परेशानी दूर हो जाएगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रैक लिंकिंग व्यवस्था से ट्रेनों के संचालन में भी सुधार आएगा। इससे क्रासिंग और ट्रेन के टर्न-अराउंड समय में कमी आएगी, जिससे रेल परिचालन अधिक सुचारु और समयबद्ध हो सकेगा। इसके अलावा 63574 किउल-जसीडीह मेमू के संचालन में होने वाली देरी की समस्या में भी सुधार आने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था से 63564 जसीडीह-आसनसोल मेमू ट्रेन के संचालन में भी समय की पाबंदी बेहतर होने की संभावना जताई गई है। रेलवे का कहना है कि एक ही रैक से ट्रेनों का संचालन करने से संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा।

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 63573 जसीडीह-किउल मेमू जसीडीह से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन झाझा स्टेशन पर दोपहर 12:02 बजे, जमुई स्टेशन पर 12:39 बजे पहुंचेगी और किउल स्टेशन पर दोपहर 2:10 बजे पहुंचेगी।

इसके बाद यही रैक गाड़ी संख्या 63424 किउल-जमालपुर मेमू के रूप में संचालित होगी। यह ट्रेन किउल से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और अभयपुर स्टेशन पर 3:10 बजे, धरहरा स्टेशन पर 3:23 बजे पहुंचते हुए शाम 4:00 बजे जमालपुर पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 63423 जमालपुर-किउल मेमू जमालपुर से दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी। यह अभयपुर स्टेशन पर 1:15 बजे और किउल स्टेशन पर 2:35 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यही रैक गाड़ी संख्या 63574 किउल-जसीडीह मेमू के रूप में दोपहर 2:50 बजे किउल से जसीडीह के लिए रवाना होगी।

रेलवे की इस नई पहल को क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी काफी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद यात्रियों में खुशी का माहौल है।

Next Story