बिहार

एकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम

Saba Naaz
4 July 2026 7:25 PM IST
एकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम
x

Bihar: गया जी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक का लहूलुहान शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान रविकांत कुमार उर्फ रॉकेट के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रविकांत शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे अपनी टाटा डिजायर कार से घर से निकला था। उसने परिवार को बताया था कि वह अपने दोस्त की बहन की विदाई कराने जा रहा है और रात नौ बजे तक लौट आएगा। लेकिन रात होते-होते उसका मोबाइल फोन बंद हो गया, जिससे परिवार चिंतित हो गया।

परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और वजीरगंज थाना पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें डांटकर लौटा दिया। इस व्यवहार से परिवार और अधिक परेशान हो गया। इसी बीच शनिवार की सुबह कुर्किहार हाईस्कूल के पास कुछ ग्रामीणों ने एक संदिग्ध कार देखी, जिस पर खून के धब्बे थे। ग्रामीणों ने तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में बैठे तीन युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें वे घबरा गए और संदेह और बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

कुछ ही देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि पुनावां गांव के बगाही पहाड़ के पीछे एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया, जिसकी पहचान रविकांत के रूप में हुई। घटनास्थल से FSL टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कार से पकड़े गए तीन युवकों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीपुर निवासी सावन कुमार, विक्रम कुमार और शुभम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक के परिचित थे।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो शायद युवक की जान बच सकती थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की मांग कर रहे हैं।

Next Story