
Bihar: बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घर निर्माण के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चौबरिया गांव निवासी भिखारी गोंड के पुत्र नन्हू गोंड (28) और सनहू गोंड (26) सिसवा बसंतपुर पंचायत के डोभी टोला में घर निर्माण का काम कर रहे थे। इसी दौरान छोटा भाई सनहू गोंड अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई नन्हू गोंड दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जीएमसीएच बेतिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के पिता ने बताया कि छोटा बेटा अपनी ससुराल में घर बनवा रहा था। हादसे में दोनों भाइयों की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों भाई विवाहित थे और अपने पीछे पत्नी व बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। चौतरवा थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





