बिहार

मंडप से सीधे अस्पताल पहुंची दुल्हन, शादी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद

Rani Sahu
16 May 2022 12:26 PM GMT
मंडप से सीधे अस्पताल पहुंची दुल्हन, शादी में डीजे बजाने को लेकर  हुए विवाद
x
बिहार के नवादा जिले में एक दुल्हन की रविवार को शादी होनी थी

बिहार के नवादा जिले में एक दुल्हन की रविवार को शादी होनी थी। उसे विदा होकर अपने ससुराल जाना था, लेकिन कुछ ऐसा हुआ कि वह सीधे अस्पताल पहुंच गई, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह सारा मामला डीजे विवाद से जुड़ा हुआ है। शादी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में दुल्हन समेत चार लोगों को बुरी तरह से पीटा गया, जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि दुल्हन के परिवार वालों की शिकायत पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, वहीं अन्य आरोपियों को भी तलाशा जा रहा है।
क्या है विवाद की जड़
नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के पचम्बा गांव में रविवार को एक लड़की की शादी थी। घर में शादी से पहले के कार्यक्रम निभाए जा रहे थे। थोड़ी देर में बारात आनी थी। इसी दौरान कुछ लोग डीजे एक ट्राली पर लादकर दुल्हन के घर के सामने आ गए और उसे बजाने लगे। इसके बदले उन्होंने 10 हजार रुपये की मांग की। जब दुल्हन और परिवार वालों ने पैसे देने से मना किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और उन लोगों ने दुल्हन के परिवार वालों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दुल्हन और अन्य चार लोगों को बुरी तरह से पीटा। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और तीन लोगों को हिरासत में लिया।
तलवार, लाठी-डंडे से की पिटाई
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के ही रामबालक चौहान, उमेश चौहान और कमलेश चौहान समेत अन्य लोगों ने घटना को अंजाम दिया। डीजे चलाने और पैसे देने से मना करने पर तलवार, लाठी-डंडे से उन पर हमला किया गया। यह सब तब हुआ जब दुल्हन की बारात कुछ ही देर में आने वाली थी।
Next Story