
Bihar: वैशाली जिले के महनार में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाल ही में डीजे जब्ती के दौरान पुलिस टीम पर हुए हमले की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। इसी को देखते हुए एसडीओ नीरज कुमार और एसडीपीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला और लोगों को शांति बनाए रखने का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। प्रशासन ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।
बताया गया कि मंगलवार रात महनार बाजार में डीजे जब्ती अभियान के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ था, जिसमें थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, दरोगा अनिल कुमार पांडेय सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मोहर्रम को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि पूरे क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





