बिहार

बिहार में फिर उपद्रवियों का आतंक, पुलिसिया प्रयास फेल

Admin Delhi 1
20 Feb 2023 9:53 AM GMT
बिहार में फिर उपद्रवियों का आतंक, पुलिसिया प्रयास फेल
x

पटना:आज सोमवार को बिहार में पटना जिले के जेठुली गांव में जमकर हिंसक हंगामा हुआ। इस दौरान आगजनी, फायरिंग के साथ उपद्रवियों ने बड़े पैमाने पर बवाल काटा।

बता दें कि रविवार दोपहर पटना में वर्चस्व की लड़ाई में जमकर गोलीबारी हुई थी। एक पक्ष के लोगों ने करीब 43 राउंड फायरिंग की। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दूसरे पक्ष ने हत्या के गुस्से में आरोपी के घर और कम्युनिटी हॉल में आग लगा दी। नेशनल हाइवे पर घंटों तांडव हुआ।

कॉम्युनिटी हॉल का सामान बाहर निकालकर सड़क पर जलाया जाता रहा। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं मानें तो पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारी के आदेश पर इलाके में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। घटना नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव की है।

दरअसल, बिहार के जेठुली गांव में रविवार के बाद आज दूसरे दिन सोमवार को भी जमकर हंगामा जारी है। फायरिंग में दो लोगों की मौत और इस हत्याकांड के आरोपी का घर-कम्युनिटी हॉल आदि जलाने के बाद से हंगामा शांत कराने का पुलिसिया प्रयास पूरी तरह विफल रहा।

रातभर किसी तरह तनाव के बीच शांति रही, लेकिन सोमवार को सुबह होते ही उपद्रव शुरू हो गया। दो लोगों की मौत के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए।

हत्यारोपी के घर, फैक्ट्री और उसके पड़ोसी के घर में आग लगा दी। इसके बाद गैस वेंडर से मारपीट की। इतना ही नहीं आक्रोशित लोगों ने मीडिया कर्मियों को बेरहमी से पीटा। उनके मोबाइल और कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

जेठुली गांव पुलिस छावनी में तब्दील

इधर, पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंची तो लोगों ने पुलिस को भी खदेड़ दिया। इधर, एसएसपी के निर्देश पर पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई।

पूरा जेटली गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। पुलिस स्थानीय लोगों से घर से नहीं निकलने की अपील कर रही है। साथ ही उपद्रवियों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री घटना स्थल को बुलाने की मांग

मरने वालों के परिजन मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित लोगों ने यह चेतावनी दी है कि जब तक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री घटनास्थल पर नहीं आते तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि जेठुली गोलीकांड में अबतक 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

ग्रामीणों से अपील है कि शांति व्यवस्था कायम करने में पुलिस की मदद करें। गोलीकांड में शामिल सभी आरोपियों को पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गाड़ी खड़ी करने का विवाद इस हद तक बढ़ा

घटना जिन दो पक्षों के बीच हुई, उनमें से एक पक्ष ही अब तक सामने आया है। जेठुली गांव के पूर्व पंचायत प्रतिनिधि टुनटुन यादव के अनुसार, रविवार दोपहर हम लोगों के पार्किंग ग्राउंड के पास मुखियापति सतीश राय उर्फ बच्चा राय का ड्राइवर गाड़ी खड़ी कर रहा था।

इसी दौरान मैं अपनी कार निकाल रहा था। मैंने सतीश राय के ड्राइवर को गाड़ी हटाने के लिए कहा तो वह नहीं माना। इतने में सतीश राय वहां पहुंचा और विवाद करने लगे। कुछ देर में उसके सहयोगी बंदूकें लेकर वहां पहुंच गए। इधर, मेरे परिजन सतीश राय को समझाने वहां पहुंचे।

जब हम लोग कुछ बोल पाते सतीश राय और उसके सहयोगी गोलीबारी करने लगे। इसमें आधा दर्जन लोगों को गोली लग गई। रोशन और गौतम की मौत हो गई। चारों घायलों का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

Next Story