बिहार

तेजस्वी यादव का सांसद मनोज झा को समर्थन, राजद विधायक को दी नसीहत

Rani Sahu
30 Sept 2023 9:02 PM IST
तेजस्वी यादव का सांसद मनोज झा को समर्थन, राजद विधायक को दी नसीहत
x
पटना (आईएएनएस)। राजद सांसद मनोज झा के राज्यसभा में एक कविता पढ़ने के बाद प्रदेश की राजनीति में मचे घमासान के बीच उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने झा का समर्थन किया है। उन्होंने सवाल उठाने वाले अपने दल के विधायक चेतन आनंद को नसीहत भी दी है। तेजस्वी ने शनिवार को कहा कि मनोज झा खुद एक प्रोफेसर हैं और उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद चुना गया था। उन्होंने ओम प्रकाश वाल्मिकी द्वारा लिखी गई एक कविता पढ़ी थी। उसका किसी जाति से कोई संबंध नहीं था। कई जातियों का उपनाम ठाकुर है।
उन्होंने राजद के विधायक चेतन आनंद द्वारा इस पर सवाल उठाए जाने से संबंधित सवाल किए जाने पर कहा कि अगर चेतन को कोई आपत्ति थी, तो पहले पार्टी फोरम पर बात रखनी चाहिए थी, न कि ट्वीट करना चाहिए था। अगर कोई बात होगी तो हम लोग बात करेंगे।
तेजस्वी ने कहा कि भाजपा के सांसद बिधूड़ी संसद में खड़े होकर अजीब शब्दों का प्रयोग करते हैं और गाली-गलौज पर उतारू हो जाते हैं, लेकिन उनके बयानों का कोई पोस्टमार्टम नहीं करता है। उनके खिलाफ क्या एक्शन हुआ?
राजद नेता ने आगे कहा कि हमलोग तो सभी लोगों को साथ लेकर चलते हैं। इस दौरान तेजस्वी ने एक गलत जानकारी पेश कर दी। उन्होंने कहा कि राजद के पास सबसे ज्यादा राजपूत विधायक हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि जितने राजपूत विधायक राजद में हैं, उतने राजपूत विधायक भाजपा में नहीं हैं।
जबकि, आंकड़े बताते हैं कि राजपूत जाति से आने वाले विधायकों की संख्या भाजपा में सबसे अधिक है।
Next Story