बिहार

तेजस्वी यादव ने किया वर्चुअल संवाद

Saba Naaz
5 July 2026 9:44 PM IST
तेजस्वी यादव ने किया वर्चुअल संवाद
x

Bihar: कैमूर जिले के भभुआ स्थित लिच्छवी भवन में रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस मौके पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जूम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सीधा संबोधित किया और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अकलू राम ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव भोलानाथ सिंह यादव ने किया। इस अवसर पर दिनारा के पूर्व विधायक एवं कैमूर जिला प्रभारी विजय कुमार मंडल, चैनपुर के पूर्व प्रत्याशी बृजकिशोर बिंद, भभुआ के पूर्व प्रत्याशी बिरेंद्र कुशवाहा और रामगढ़ के पूर्व प्रत्याशी अजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाना है और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना है।

वक्ताओं ने कहा कि 5 जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में राजद की स्थापना सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से की गई थी। पिछले 30 वर्षों में पार्टी ने गरीब, शोषित, वंचित और अल्पसंख्यक वर्ग की आवाज को मजबूती दी है। नेताओं ने कहा कि राजद आगे भी किसानों और मजदूरों के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे संगठन को और मजबूत करें और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे समारोह में उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।

Next Story