बिहार

मैट्रिमोनियल जाल में फंसी शिक्षिका शादी का झांसा देकर 3.65 लाख ठगे

nidhi
20 Sept 2026 11:04 AM IST
मैट्रिमोनियल जाल में फंसी शिक्षिका शादी का झांसा देकर 3.65 लाख ठगे
x
शिक्षिका बनी ठगी का शिकार

आरा: बिहार के भोजपुर जिले में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का झांसा देकर एक शिक्षिका से करीब 3.65 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरा साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में खगड़िया जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपी 50 से अधिक महिलाओं और युवतियों के संपर्क में था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के चौथम गांव निवासी करीब
30 वर्षीय वरुण कुमार
के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। साइबर पुलिस अब मोबाइल की तकनीकी जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितनी महिलाओं से संपर्क किया और क्या अन्य महिलाओं से भी इसी तरह रुपये लिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला मूल रूप से पटना की रहने वाली है और भोजपुर जिले में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। मार्च 2026 में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान वरुण ने खुद को पटना सचिवालय में सहायक अनुभाग अधिकारी बताया और महिला से शादी करने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने कथित तौर पर महिला का भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने अलग-अलग कारण बताकर रुपये मांगने शुरू किए। महिला ने उसकी बातों पर विश्वास कर विभिन्न मौकों पर कुल करीब 3 लाख 65 हजार रुपये दे दिए। बाद में शादी की बात आगे नहीं बढ़ने और आरोपी की गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पीड़िता ने साइबर पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद आरा साइबर थाना पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर साइबर डीएसपी रौशन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई और खगड़िया में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में आरोपी के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। आरोप है कि वह मैट्रिमोनियल वेबसाइट के अलावा व्हाट्सऐप और फेसबुक पर भी फर्जी प्रोफाइल के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था। खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पहले भरोसा हासिल करता और फिर शादी का प्रस्ताव देकर रुपये मांगता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल और पूछताछ से पता चला है कि वह 50 से अधिक महिलाओं और युवतियों के संपर्क में था। पुलिस अब इन संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनमें से कितनी महिलाएं संभावित रूप से ठगी का शिकार हुई हैं।
जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता है। पुलिस के मुताबिक वह इसके बावजूद मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर खुद को शादी के लिए उपलब्ध बताकर महिलाओं से संपर्क करता था। फिलहाल आरोपी से जुड़े बैंक लेनदेन, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित ठगी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या आरोपी अकेले ही पूरा नेटवर्क चला रहा था।
Next Story