बिहार

किराये के कमरे में बीए छात्रा की संदिग्ध मौत

Saba Naaz
28 Jun 2026 7:52 PM IST
किराये के कमरे में बीए छात्रा की संदिग्ध मौत
x

बिहार: बेतिया में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरिसवा रोड स्थित एक किराये के मकान में 20 वर्षीय बीए छात्रा इंदु बाला का शव फंदे से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका नगर थाना क्षेत्र के पियूनी बाग वार्ड संख्या 22 की रहने वाली थी और शहर में किराये के मकान में रहकर बीए की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। परिजनों ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा, जहां कमरे में इंदु का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

मृतका चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। परिवार उसकी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें लगाए बैठा था। अचानक हुई इस घटना से घर में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के पिता कृष्णा राम, जो पेशे से चालक हैं, ने बेटी की मौत पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Next Story