बिहार

सुशील मोदी का CM नीतीश से सवाल, पूछा- संघ से इतनी नफरत है तो 22 साल BJP के साथ क्यों रहे?

Shantanu Roy
14 Oct 2022 10:55 AM GMT
सुशील मोदी का CM नीतीश से सवाल, पूछा- संघ से इतनी नफरत है तो 22 साल BJP के साथ क्यों रहे?
x
बड़ी खबर
पटना। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से नफरत है तो बताएं कि वह वाजपेयी सरकार में मंत्री क्यों बने और 22 साल तक भाजपा के साथ क्यों रहे। सुशील मोदी ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि यदि भाजपा के मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को नीतीश कुमार 'गांधी का हत्यारा' मानते हैं, तो वे 22 साल भाजपा के साथ क्यों रहे। यदि नीतीश कुमार को संघ से इतना परहेज ही था, तो वे अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री क्यों बने थे। भाजपा नेता ने कहा कि जब संघ के द्वितीय सरसंघचालक गुरु गोलवलकर जी की जन्मशती मनायी गई थी।
तब नीतीश कुमार उसमें शामिल हुए थे, लेकिन आज वे लालू प्रासाद यादव का कृपापात्र बने रहने के लिए संघ पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुर्सी के मोह और कुसंग में पड़ कर नीतीश कुमार का विवेक नष्ट हो रहा है। सुशील मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबे राजद नेतृत्व और इमरजेंसी थोपने वाली कांग्रेस की चौखट पर मत्था टेकने वाले नीतीश कुमार क्या जेपी के आदर्शों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जब गृहमंत्री शाह के भ्रष्टाचार और कांग्रेस से हाथ मिलाने के मुद्दा आधारित सवाल का जवाब न दे सके, तब उनकी उम्र पर टिप्पणी करने लगे। भाजपा नेता ने पूछा क्या स्वाधीनता आंदोलन या इतिहास के किसी काल खंड पर केवल वही बोल सकता है, जो उस काल में रहा हो। उन्होंने सवाल किया कि क्या इतिहास की पढाई और इसपर विमर्श को बंद कर दिया जाना चाहिए।
Next Story