
Bihar: पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के भोगीपुर स्थित छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स अपार्टमेंट से एक छात्र ऋषभ कुमार 23 जून से लापता है। बताया जा रहा है कि पढ़ाई में लापरवाही को लेकर पिता ओंकार नाथ राहुल ने उसे डांटा था, जिसके बाद वह गुस्से में घर से निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लगातार उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ऋषभ कुमार 23 जून की सुबह करीब 11:30 बजे अपार्टमेंट से बिना किसी को बताए बाहर निकल गया था। परिवार का कहना है कि पिता की सामान्य डांट से नाराज होकर वह घर छोड़कर चला गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास, रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
थक-हारकर पिता ने 24 जून को गोपालपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि छात्र की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और विशेष टीम जांच में लगी है। वहीं परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है और वे लगातार बेटे की वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि छात्र कहीं दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें।





