
x
छठ की रौनक के बीच ओझल हुए पद्मविभूषण नंदलाल बोस
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो देश की महान विभूतियों के सम्मान को लेकर सवाल खड़े करती है। छठ पूजा के लिए सजे ईख के बाजार के बीच पद्मविभूषण से सम्मानित महान चित्रकार नंदलाल बोस की प्रतिमा ढक गई है। चारों तरफ ईख के बंडलों के बीच उनकी प्रतिमा नजर नहीं आ रही है। एक ओर छठ महापर्व को लेकर बाजारों में रौनक है, वहीं दूसरी ओर देश की कला और संस्कृति को नई पहचान देने वाले नंदलाल बोस की प्रतिमा कारोबार के बीच ओझल हो गई है।
हवेली खड़गपुर के नंदलाल बोस चौक का मामला
हवेली खड़गपुर बाजार में छठ की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। फल, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों से बाजार सजा हुआ है। नंदलाल बोस चौक पर भी गन्ने की बिक्री हो रही है। इसी चौक पर स्थापित महान चित्रकार की आदमकद प्रतिमा दुकानों और ईख के ऊंचे बंडलों से घिर गई है। इसके चलते प्रतिमा को देख पाना भी मुश्किल हो गया है।
कला प्रेमियों और बुद्धिजीवियों में नाराजगी
प्रतिमा स्थल की इस स्थिति पर स्थानीय कला प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने नाराजगी व्यक्त की है। नागरिकों ने स्मारक के आसपास अतिक्रमण हटाने और ईख विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक स्थान निर्धारित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का मानना है कि त्योहार के दौरान छोटे व्यापारियों की आजीविका का ध्यान रखने के साथ महान कलाकार के स्मारक का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कौन थे आचार्य नंदलाल बोस?
आचार्य नंदलाल बोस भारतीय आधुनिक चित्रकला के प्रमुख कलाकारों में शामिल थे। उनका जन्म 3 दिसंबर 1882 को मुंगेर के हवेली खड़गपुर में हुआ था। उन्होंने प्रसिद्ध चित्रकार अवनींद्रनाथ टैगोर से कला की शिक्षा प्राप्त की थी। नंदलाल बोस ने भारतीय लोककला, प्रकृति, ग्रामीण जीवन और सांस्कृतिक परंपराओं को अपनी चित्रकारी के माध्यम से विशेष पहचान दिलाई। शांतिनिकेतन में कला के विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में उनकी हजारों कलाकृतियां संग्रहित हैं। 16 अप्रैल 1966 को शांतिनिकेतन में उनका निधन हुआ था।
भारतीय संविधान को कलात्मक स्वरूप देने में योगदान
नंदलाल बोस का नाम भारतीय संविधान की मूल प्रति को कलात्मक रूप देने वाले प्रमुख कलाकारों में शामिल है। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ संविधान के विभिन्न भागों को भारतीय इतिहास और संस्कृति से जुड़े चित्रों से सजाया था। भारतीय कला जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मविभूषण से सम्मानित किया गया था।
छठ को लेकर बाजारों में भारी भीड़
हवेली खड़गपुर में छठ महापर्व को लेकर नंदलाल बोस चौक, आंबेडकर चौक, मुख्य बाजार, एकता पार्क और मानिक चौक सहित विभिन्न स्थानों पर पूजन सामग्री की दुकानें सजी हुई हैं। खरीदारों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने नंदलाल बोस चौक और मानिक चौक सहित कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। बाजारों में फल और अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हो रही है।
Next Story





