
Bihar: पटना। बिहार सरकार ने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और आकाश दीप को खेल कोटे के तहत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की है। यह प्रस्ताव बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत भेजा गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने यह प्रस्ताव गृह विभाग को अग्रेषित किया है।
सरकारी पत्र के अनुसार, चयन समिति ने दोनों खिलाड़ियों के नाम पर अपनी मंजूरी दे दी है। मुकेश कुमार ने 2023 एशियन गेम्स में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं आकाश दीप भी उसी टीम का हिस्सा रहे और हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
मुकेश कुमार गोपालगंज जिले के काकड़कुंड गांव के रहने वाले हैं, जबकि आकाश दीप रोहतास जिले के सासाराम के बड्डी गांव से आते हैं। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।
सरकार की ओर से तय नियमों के अनुसार, DSP पद पर उन्हें वेतन स्तर-9 के तहत 9300 से 34800 रुपये वेतनमान और 5400 ग्रेड पे मिलेगा। इसके अलावा अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
नियुक्ति फिलहाल छह महीने के लिए औपबंधिक होगी। इस दौरान चरित्र और पूर्ववृत्त सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद स्थायी नियुक्ति पर निर्णय लिया जाएगा।
इसके अलावा दोनों खिलाड़ियों को एक बांड भरना होगा, जिसके तहत उन्हें अगले पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना अनिवार्य होगा। नियमों का पालन न करने पर नियुक्ति स्थायी नहीं होगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी दस्तावेज में गड़बड़ी पाई जाती है, तो नियुक्ति रद्द कर दी जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।





