बिहार

Siwan: परीक्षा में दूसरे के बदले बैठे दो मुन्नाभाई गिरफ्तार

Saba Naaz
17 Jun 2026 8:53 PM IST
Siwan: परीक्षा में दूसरे के बदले बैठे दो मुन्नाभाई गिरफ्तार
x

Bihar:सीवान में केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने दो अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से ऐसे दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। दोनों के पास से कूटरचित दस्तावेज, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र बरामद किए गए हैं।

दो परीक्षा केंद्रों पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के अनुसार, 17 जून को आयोजित परीक्षा की प्रथम और द्वितीय पाली के दौरान सरस्वती शिशु मंदिर और दाउद मेमोरियल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्रों पर जांच के दौरान दोनों संदिग्ध पकड़े गए। पूछताछ में दोनों ने फर्जी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने की बात स्वीकार की।

पहचान और दस्तावेजों में गड़बड़ी

गिरफ्तार युवकों ने अपनी पहचान सियाराम कुमार (पटना) और गौतम कुमार (जहानाबाद) के रूप में बताई है। जांच में उनके प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। कई कूटरचित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।

पहले भी दे चुके थे फर्जी परीक्षा

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे इससे पहले 14 जून को मोतिहारी और गोपालगंज में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा में भी फर्जी अभ्यर्थी बनकर शामिल हुए थे। इस खुलासे के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का मानना है कि यह मामला सिर्फ दो आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि असली अभ्यर्थी कौन हैं और इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड कौन है।

छापेमारी तेज, गिरोह में हड़कंप

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। साथ ही मास्टरमाइंड की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

Next Story