सीवान: स्कूल जा रहे शिक्षक को बदमाशों ने गोली मारकर की हत्या

बिहार क्राइम न्यूज़ : जिले के असांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे बभनौली मध्य विद्यालय में पढ़ाने जा रहे थे। इसी दौरान बभनौली चंवर के समीप चार-पांच की संख्या में रहे अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। शिक्षक प्रमोद पांडेय असांव थाना के पचबेनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने रघुनाथपुर-दरौली सड़क जाम कर दिया है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई है। लोगों को समझा बुझाकर जाम को खुलवाया गया। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पचबेनिया निवासी प्रमोद पांडेय बभनौली स्थित मध्य विद्यालय में शिक्षक हैं। वे शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे अपनी बाइक से विद्यालय जा रहे थे। तभी बभनौली चंवर में दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें दो गोली मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुबह-सुबह हुई इस घटना से हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलते असांव थानाध्यक्ष इंद्रदेव महतो, दरौली थानाध्यक्ष रितेश कुमार मंडल, आंदर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, एसआइ विकास कुमार, एएसआइ विनय कुमार, जगदीश प्रसाद एवं रघुनाथपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे थे। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नोरबाजी करते हुए एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने प्रमोद पांडेय की पेट में दो गोली मारी थी। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन है। आखिरकार उन्हें गोली क्यों मारी गई? इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस पुरानी दुश्मनी समेत कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। ग्रामीणाें का मानना है कि जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है उससे लगता है कि सुनियोजित तरीके से पूरी वारदात की गई है।





