बिहार

दिवाली पर सितम ढा सकता है सितरंग चक्रवाती तूफान, मौसम विभाग का बिहार में बारिश का अलर्ट

HARRY
23 Oct 2022 5:08 AM GMT
दिवाली पर सितम ढा सकता है सितरंग चक्रवाती तूफान, मौसम विभाग का बिहार में बारिश का अलर्ट
x

दिवाली के मौके पर चक्रवाती तूफान सितरंग बिहार में सितम ढा सकता है। दिवाली और गोवर्धन पूजा पर राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो चक्रवाती तूफान बिहार में त्योहार के रंग में फिर से भंग डाल सकता है। इससे पहले दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान भी बारिश की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत मौसम विभाग ने रविवार को बिहार के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिलेगा। झारखंड और बंगाल की सीमा से सटे बिहार के जिलों में बारिश संबंधी गतिविधियां देखने को मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सितरंग के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, इससे तटीय इलाकों में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय राज्यों से सटे इलाकों में भी बारिश के आसार हैं।

बिहार में मॉनसून की विदाई के बाद हवा में ठंडक घुलना शुरू हो गई। कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-मध्य बिहार में दिवाली के बाद दिन का पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक घट जाएगा।

Next Story