बिहार

भरत तिवारी के परिजनों से मिले गायक गुंजन सिंह और राकेश मिश्रा

Saba Naaz
22 Jun 2026 9:29 PM IST
भरत तिवारी के परिजनों से मिले गायक गुंजन सिंह और राकेश मिश्रा
x

Bihar: भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड स्थित बिलौटी गांव में पुलिस की कथित मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से सोमवार को भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और अभिनेता-गायक राकेश मिश्रा ने मुलाकात की। दोनों कलाकारों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा जताया। इस दौरान गांव में भावुक माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

परिजनों से बातचीत के दौरान दोनों कलाकारों ने कहा कि भरत तिवारी समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के लोगों की आवाज उठाने का काम करते थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या गलती सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

भोजपुरी गायक गुंजन सिंह ने इस मौके पर पीड़ित परिवार को 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह सहायता केवल प्रतीकात्मक है, असली जरूरत न्याय की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, वे उनके साथ खड़े रहेंगे और इस मुद्दे को हर मंच पर उठाएंगे।

वहीं राकेश मिश्रा ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि किसी भी मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही जनता का भरोसा कायम रहता है और न्याय व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि इस मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कराई जाए।

मुलाकात के दौरान गांव के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने दोनों कलाकारों के इस कदम की सराहना की और कहा कि कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना एक बड़ी मानवीय पहल है। इस दौरान परिवार के लोगों ने भी भावुक होकर समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

इस मुलाकात के बाद पूरे इलाके में यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है। लोग अब प्रशासनिक जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Next Story